यूक्रेन पर रूस का हमला, अब तक क्‍या हुआ, जानिये 5 बड़े अपडेट्स

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 24, 2022, 09:44 PM IST

रूस के हमले के बाद यूक्रेन के कई शहरों तबाही का मंजर है। लोग खौफ में एक जगह से दूसरी जगह भागते नजर आ रहे हैं। कई जगह बम धमाकों की वजह से धुएं का गुबार देखा गया। जानिये इस संकट से जुड़े अब तक पांच बड़े अपडेट्स: 

यूक्रेन पर रूस का हमला, अब तक क्‍या हुआ, जानिये 5 बड़े अपडेट्स
Photo Credit: AP, File Image

Russia attacks Ukraine: यूक्रेन पर बीते कई महीनों से मंडराता युद्ध का खतरा अब हकीकत में बदल चुका है। रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन के ऐलान के साथ ही रूस के सैनिकों ने यूक्रेन पर हमला कर दिया। राष्‍ट्रपति पुतिन ने गुरुवार सुबह ही एक लाइव टीवी संबोधन के दौरान यूक्रेन में 'विशेष सैन्‍य अभियान' की घोषणा की, जिसके बाद राजधानी कीव सहित यूक्रेन के कई इलाके बम धमाकों से थर्रा गए।

रूसी टैंक अब यूक्रेन की सड़कों पर देखे जा रहे हैं, जबकि कई जगह बम धमाकों की वजह से धुएं का गुबार भी उठता देखा गया। एक ही दिन की जंग में बड़े पैमाने पर जानमाल की क्षति की रिपोर्ट सामने आ चुकी है। पूरी दुनिया की नजरें रूस-यूक्रेन में पल-पल बदल रहे हालात पर हैं, जिससे भारत भी अछूता नहीं है। तो रूस को लेकर भारत सहित पूरी दुनिया में अब तक क्‍या कुछ हुआ, आइये जानते हैं 5 बड़े अपडेट्स : 

भारत पर टिकी नजरें

यूक्रेन पर रूस के हमले के बीच भारत की सबसे बड़ी चिंता वहां फंसे लगभग 18,000 भारतीय हैं। फिलहाल 200 से अधिक भारतीय छात्रों को कीव में भारतीय दूावास के न‍िकट ठहराया गया है। भारत पर इसे लेकर कूटनीतिक दबाव भी बढ़ता जा रहा है। अमेरिका जहां पहले ही यह कहते हुए अपना कूटनीतिक दांव चल चुका है कि यूक्रेन पर हमले की स्थिति में उसे भारत का साथ मिलने की उम्‍मीद है तो रूस भी भारत के साथ अपने अच्‍छे रिश्‍तों का हवाला दे चुका है। 

वहीं, यूक्रेन भी वैश्विक स्‍तर पर भारत की महत्‍वपूर्ण भूमिका का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रूस के राष्‍ट्रपति से बात करने की अपील कर चुका है। बदलते हालात के बीच भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्‍यक्षता में सुरक्षा मामलों पर कैबिनेट कमेटी की बैठक बुलाई है। सूत्रों के हवाले से कहा यह भी जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी आज रात रूस के राष्‍ट्रपति से इस मसले पर बातचीत कर सकते हैं।

क्‍या कर रहे हैं अमेरिका और NATO?

यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद अमेरिका और NATO की तरफ से जबरदस्‍त प्रतिक्रिया आई है। अमेरिका ने यूक्रेन के साथ अपने सभी कूटनीतिक संबंधों को समाप्‍त कर लिया है। राष्‍ट्रपति जो बाइडेन ने अपनी राष्‍ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ इस मसले पर बैठक की है, जिसमें यूक्रेन पर रूस के हमले को हर लिहाज से अनुचित ठहराते हुए रूस को इस आक्रामक कार्रवाई के लिए जवाबदेह ठहराने पर चर्चा की गई। वह कुछ ही घंटों में राष्‍ट्र को संबोधित भी करने वाले हैं, जिसमें कुछ अहम ऐलान कर सकते हैं।

वहीं, NATO ने इसे नृशंस, लंबे समय से प्‍लानिंग के साथ जानबूझकर किया गया हमला करार दिया। नाटो चीफ जेंस स्‍टोलटेनबर्ग ने रूस से यूक्रेन में अपनी सैन्‍य कार्रवाई तुरंत समाप्‍त करने और अपने सैनिकों को वापस बुलाने को कहा और साथ ही चेतावनी दी कि इस तरह के हालात में शांति की गारंटी नहीं दी जा सकती। 

रूसी हमले का कैसे जवाब दे रहा यूक्रेन?

रूस के आगे यूक्रेन की सैन्‍य ताकत हालांकि कहीं नहीं ठहरती, लेकिन यूक्रेन पूरी ताकत से रूस को जवाब दे रहा है। रूस के हमले के साथ ही यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने देशवासियों को हमले की जानकारी देते हुए राष्ट्र के नाम एक वीडियो संदेश में कहा कि रूस ने यूक्रेन के बुनियादी ढांचों पर मिसाइलें दागी है और बॉर्डर गार्ड पर भी हमले किए हैं। उन्‍होंने अपने संबोधन के दौरान पूरे देश में मार्शल लॉ लागू करने की जानकारी भी दी। 

यूक्रेन के राष्‍ट्रपति ने रूस की कार्रवाई की तुलना 'नाजी जर्मनी' से की और कहा कि यह पूरे यूरोप के खिलाफ युद्ध जैसी कार्रवाई है। उन्‍होंने कहा कि रूसी सैनिक चेर्नोबिल पर कब्‍जे की कोशिश कर रहे हैं। हमारे सशस्‍त्र बल देश के लिए लड़ते हुए अपनी जान दे रहे हैं। उन्‍होंने देश की जनता से रूस के खिलाफ लड़ने के लिए आगे आने की अपील की और कहा कि जो भी रूस के खिलाफ लड़ना चाहता है, उन्‍हें हथियार व प्रशिक्षण मुहैया कराए जाएंगे।

रूस ने चुना तबाही का रास्‍ता : ब्रिटेन

अमेरिका ने जहां यूक्रेन पर रूस के हमले को 'पूर्वनियोजित युद्ध' बताया है, वहीं ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि रूस ने बिना उकसावे के हमला बोलकर खूनखराबे और तबाही का रास्‍ता चुना है। इससे जानमाल को भारी नुकसान होगा। ब्रिटेन और उनके सहयोगियों की ओर से निर्णायक जवाब दिया जाएगा। यह युद्ध मानवता को भारी नुकसान पहुंचाने वाला होगा। दुनिया रूस की जवाबदेही जरूर तय करेगी।

बम धमाकों से थर्राया यूक्रेन

यूक्रेन में रूस के हमले के साथ ही कई शहरों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। रूस ने सबसे पहला हमला मारिउपोल शहर में किया, जिसके बाद कई शहरों में धमाकों की आवाजें सुनी गई। पूर्वी यूक्रेन के दोनेत्स्क के क्रामातोर्स्क इलाके में भी धमाकों की आवाज सुनी गई है। रूस ने यूक्रेन में 70 से अधिक सैन्य ठिकानों को नष्ट करने की बात कही है, जिसमें 11 हवाई क्षेत्र भी शामिल हैं। इस बीच यूक्रेन के एक सैन्‍य विमान के कीव के पास क्रैश होने की जानकारी है, जिसमें 14 लोग सवार थे।

End of Article