इमरान खान पर रेहम का तंज, '3 निकाह, 2 तलाक...खुद कौन सी फिल्‍म देखते हैं PAK PM'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 25, 2020, 05:16 PM IST

इमरान खान ने कुछ समय पहले पाकिस्‍तान में परिवारों के टूटने और सेक्‍स क्राइम बढ़ने का ठीकरा हॉलीवुड और बॉलीवुड फिल्‍मों पर फोड़ा था, जिस पर उनकी पूर्व पत्‍नी रेहम खान ने अब पलटवार किया है।

इमरान खान पर रेहम का तंज, '3 निकाह, 2 तलाक...खुद कौन सी फिल्‍म देखते हैं PAK PM'
Photo Credit: Twitter

इस्‍लामाबाद : पाकिस्‍तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कुछ समय पहले पाकिस्‍तान में बढ़ते यौन अपराधों का ठीकरा हॉलीवुड और बॉलीवुड फिल्‍मों पर फोड़ते हुए कहा था कि इन फिल्‍मों के जरिये पश्चिमी संस्‍कृति व अश्‍लीलता आम लोगों तक पहुंच रही है, जिससे परिवार टूट रहे हैं और तलाक के मामले बढ़ रहे हैं। इनकी वजह से सेक्‍स क्राइम की वारदातें भी बढ़ रही हैं। उनके इस बयान को लेकर अब उनकी पूर्व पत्‍नी रेहम खान ने उन पर हमला बोला है।

रेहम ने ट्वीट कर कहा, 'इमरान खान पाकिस्‍तान में परिवारों के टूटने की वजह पश्चिमी संस्‍कृति को बता रहे हैं, जो उनके अनुसार हॉलीवुड और बॉलीवुड फिल्‍मों से इस मुल्‍क में पहुंच रहा है। लेकिन उन्‍होंने खुद दो बार शादी कर तलाक लिया और अब तीसरी शादी ऐसी महिला से की है, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि उन्‍होंने इमरान से शादी करने के लिए अपने पति को तलाक दे दिया...आप किस तरह की फिल्‍में देखते हैं?'

रेहम की यह ट्वीट इमरान खान की उस टिप्‍पणी पर आया था, जिसमें पाकिस्‍तान में बढ़ रहे यौन अपराधों पर चर्चा करते हुए उन्‍होंने कहा था कि विनाश का सबसे बड़ा हथियार मोबाइल फोन है, जिसके जरिये हर तरह के कंटेंट लोगों तक आसानी से पहुंच रहे हैं। हॉलीवुड व बॉलीवुड फिल्‍मों के जरिये पश्चिमी संस्‍कृति का प्रसार हो रहा है और अश्‍लीलता परोसी जा रही है, जिससे परिवार बिखर रहे हैं और लोग गलत रास्‍ते पर जा रहे हैं।

यहां उल्‍लेखनीय है कि इमरान खान ने पहली शादी ब्रिटेन की जेमिमा गोल्‍डस्मिथ से की थी, जिससे उनके दो बेटे भी हैं। हालांकि दोनों की शादी केवल 9 साल ही चली और बाद में उनके बीच तलाक हो गया। इसके बाद इमरान ने रेहम खान से दूसरा निकाह किया था, लेकिन उनकी शादी 9 माह बाद ही टूट गई। रेहम से तलाक के बाद उन्‍होंने तीसरा निकाह‍ जनवरी 2018 में बुशरा बीबी से किया।

End of Article