USA फ्रीडम डे परेड फायरिंग: संदिग्ध गिरफ्तार, अब तक 6 की मौत 24 घायल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 5, 2022, 06:46 AM IST

USA Freedom Day Parade Firing: शिकागो में फ्रीडम डे परेड के मौके पर हुई फायरिंग में पुलिस ने एक  संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए शख्स का नाम रॉबर्ट क्रीमो है

USA फ्रीडम डे परेड फायरिंग: संदिग्ध गिरफ्तार, अब तक 6 की मौत 24 घायल

USA Freedom Day Parade Firing: अमेरिका के शिकागो में फ्रीडम डे परेड के मौके पर हुई फायरिंग में पुलिस ने एक  संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए शख्स का नाम रॉबर्ट क्रीमो है और उसकी उम्र केवल 22 साल है। पुलिस ने उसे कार से भागने के दौरान पकड़ा है। इसके पहले शिकागो शहर के हाईलैंड पार्क के पास स्वतंत्रता दिवस परेड के दौरान हुई गोलीबारी में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। हमलावर ने इमारत की छत से गोलीबारी की थी।

पुलिस ने बरामद की राइफल

लेक काउंटी मेजर क्राइम टास्क फोर्स के प्रवक्ता क्रिस्टोफर कोवेली ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हमलावर ने किसी छत पर से राइफल से परेड में शामिल लोगों पर गोलीबारी की और वह राइफल बरामद कर ली गई है। हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि उसने किस इमारत की छत से गोलीबारी की।

कोवेली ने कहा कि पुलिस का मानना ​​है कि केवल एक शूटर ने इस हमले को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि उन्होंने खून से लथपथ शव देखे हैं, जिनपर कंबल ढंके हुए हैं और सैंकड़ों लोग जान बचाकर भाग रहे हैं।'सन-टाइम्स' ने खबर दी है कि परेड सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई, लेकिन गोलीबारी होते ही 10 मिनट बाद इसे रोक दिया गया।

एक साल में 45 हजार लोगों की मौत का कारण बंदूक

अमेरिका में Mass Shooting को लेकर PEW की रिपोर्ट के अनुसार,  साल 2020 में 45222 लोगों की मौत बंदूक से घायल होने की वजह से हुई। जिसमें से 54 फीसदी लोगों की मौत बंदूक से आत्महत्या करने के कारण और 43 फीसदी की मौत हत्या की वजह से हुई।  पिछले 5 साल में बंदूक की वजह से हुई मौतों में 54 फीसदी और 10 साल में बंदूक की वजह से हुई मौतों में 75 फीसदी का इजाफा हुआ है। आंकड़ों से साफ है कि अमेरिका में बंदूक से लोगों की मौत में बहुत तेजी से इजाफा हो रहा है। और हाल ही में इस पर लगाम कसने के लिए लिए सीनेट ने कानून पारित किया है। 

End of Article