North Korea: किम जोंग ने समुद्र में किया संदिग्ध बैलेस्टिक मिसाइल का परीक्षण, दक्षिण कोरिया करेगा आपात बैठक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 5, 2022, 09:22 AM IST

उत्तर कोरिया ने एक बार फिर अपने अत्याधुनिक हथियारों के परीक्षण को जारी रखते हुए समुद्र में बैलेस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया है। दक्षिण कोरिया ने इसकी जानकारी दी है।

North Korea: किम जोंग ने समुद्र में किया संदिग्ध बैलेस्टिक मिसाइल का परीक्षण, दक्षिण कोरिया करेगा आपात बैठक
Photo Credit: AP

सियोल: उत्तर कोरिया ने शनिवार को समुद्र में एक संदिग्ध बैलेस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया। यह जानकारी उसके पड़ोसी देश की सेना ने दी। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने बताया कि उत्तर कोरिया ने राजधानी प्योंगयांग से संभावित बैलेस्टिक मिसाइल देश के पूर्वी समुद्र की ओर दागी है। यह नहीं पता चला है कि वह कितनी दूरी पर जाकर गिरी है।

जापान का बयान

जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी जोर देकर कहा कि संभावित हाथियर बैलेस्टिक मिसाइल हो सकती है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सुह हून इस परीक्षण पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की आपात बैठक करेंगे। इस परीक्षण पर अमेरिका या उसकी सेना द्वारा तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

दावे के एक सप्ताह बाद परीक्षण

नवीनतम परीक्षण दक्षिण कोरिया और जापान के उस दावे के करीब एक सप्ताह बाद किया गया है जिसमें कहा गया था कि उत्तर कोरिया ने रविवार को बैलेस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया जो करीब 300 किलोमीटर की दूरी तक और करीब 600 किलोमीटर की ऊंचाई तक गई। उत्तर कोरिया ने बाद में कहा कि उसका परीक्षण कैमरा प्रणाली के लिए था क्योंकि उसकी योजना टोही उपग्रह में उसे लगाने की है।

End of Article