उत्‍तर कोरिया में Kim Jong-Un के बॉडी डबल का इस्‍तेमाल! नई तस्‍वीरों से गहराया रहस्‍य, जानिये जासूसी एजेंसी ने क्‍या कहा?

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 29, 2021, 12:00 AM IST

उत्‍तर कोरिया में किम जोंग-उन के बॉडी डबल के इस्‍तेमाल के कयासों के बीच दक्षिण कोरिया की जासूसी एजेंसी ने इस मामले में विस्‍तृत जानकारी जुटाई है। एजेंसी ने इस बारे में दक्षिण कोरिया की संसद को जानकारी दी है।

उत्‍तर कोरिया में Kim Jong-Un के बॉडी डबल का इस्‍तेमाल! नई तस्‍वीरों से गहराया रहस्‍य, जानिये जासूसी एजेंसी ने क्‍या कहा?
Photo Credit: AP, File Image

सोल/प्‍योंगयांग : उत्‍तर कोरिया के शासक किम जोंग-उन के स्‍वास्‍थ्‍य और उनके वजन को लेकर बीते कुछ दिनों में कई रिपोर्ट्स सामने आई हैं। उनकी जो तस्‍वीरें विगत कुछ समय में मीडिया में आई हैं, उनमें वह पहले के मुकाबले बेहद दुबले-पतले नजर आ रहे हैं। हालांकि वह कमजोर या बीमार कहीं से भी नहीं लग रहे हैं, बल्कि इन तस्‍वीरों में वह पूरी तरह फिट नजर आ रहे हैं। ये तस्‍वीरें एक अहम वजह रहीं, जिसके आधार पर ये सवाल उठते रहे कि क्‍या उत्‍तर कोरिया में किम जोंग-उन के बॉडी डबल का इस्‍तेमाल हो रहा है?

दक्षिण कोरिया की जासूसी एजेंसी ने मामले में विस्‍तृत जांच की है, जिसके बाद वह इस नतीजे पर पहुंची है कि उत्‍तर कोरिया में किम जोंग-उन के बॉडी डबल का इस्‍तेमाल नहीं हो रहा है, बल्कि उन्‍होंने वास्‍तव में अपना वजन 20 किलोग्राम  (44 पाउंड) तक कम कर लिया है और वह पूरी तरह से स्‍वस्‍थ हैं। जासूसी एजेंसी ने गुरुवार को दक्षिण कोरिया की संसद को इस बारे में जानकारी दी और यह भी कहा कि उत्‍तर कोरिया में गहराते आर्थिक संकट और अन्‍य चुनौतियों के बीच किम जोंग-उन जनता को अपने साथ जोड़े रखने के लिए तमाम हथकंडे अपना रहे हैं।

ऐसे की गई परख

राष्ट्रीय खुफिया सेवा (NIS) ने दक्षिण कोरिया में एक संसदीय बैठक के दौरान यह जानकारी दी। इस दौरान मौजूद रहे दो सांसदों के मुताबिक, किम जोंग-उन की स्थिति की जांच के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीकों सहित अन्‍य तरीकों का इस्‍तेमाल किया गया। उनके वीडियो का भी विश्‍लेषण किया गया और उनकी भाव-भंगिमाओं और तौर-तरीकों को परखा गया। जासूसी एजेंसी ने यह भी कहा कि किम के स्‍वास्‍थ्‍य को लेकर बीते कुछ समय में इसलिए बातें हुईं, क्‍योंकि मीडिया में उनकी जो तस्‍वीरें सामने आई हैं, उनमें वह काफी दुबले-पतले दिखाई दिए हैं।

सांसद किम ब्यूंग-की के मुताब‍िक, NIS ने संसदीय बैठक के दौरान बताया कि किम जोंग-उन का वजन लगभग 140 किलोग्राम (308 पाउंड) था, जो अब कम होकर 120 किलोग्राम (264 पाउंड) हो गया है। NIS ने पूर्व में किम जोंग-उन की लंबाई को लेकर कहा था कि उत्‍तर कोरिया के नेता का कद लगभग 170 सेंटीमीटर (5 फुट, 8 इंच) लंबा है। दक्षिण कोरिया की जासूसी एजेंसी के मुताबिक, किम जोंग-उन इस साल अब तक 70 दिनों के लिए सार्वजनिक गतिविधियों में संलग्न रहे हैं, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 45 प्रतिशत अधिक है।

End of Article