Russia-Ukraine War: दुनिया के सबसे ताकतवर नेता हैं मोदी, पुतिन से बात करें भारत के प्रधानमंत्री: यूक्रेन 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 24, 2022, 03:04 PM IST

Russia-Ukraine War : राजदूत आइगोर पोलिखा ने कहा कि कई इलाकों में लड़ाई जारी है। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि यूक्रेन की वायु सेना ने रूस के पांच फाइटल जेट्स, दो हेलिकॉप्टर, दो टैंक्स और कई ट्रकों को नष्ट कर दिया है। 

Russia-Ukraine War: दुनिया के सबसे ताकतवर नेता हैं मोदी, पुतिन से बात करें भारत के प्रधानमंत्री: यूक्रेन 
Photo Credit: ANI

Russia-Ukraine War :  रूस का हमला होने के बाद यूक्रेन अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की अपील कर रहा है। उसने दुनिया से दखल देने की मांग की है। यूक्रेन ने कहा है कि रूस को रोकने के लिए दुनिया को दखल देने का यही सही समय है। अमेरिका सहित पश्चिमी देशों ने रूस के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है लेकिन अभी यूक्रेन हमले झेल रहा है। अब यूक्रेन की उम्मीदें भारत पर टिकी हैं। दिल्ली में मौजूद यूक्रेन के राजदूत डॉक्टर आइगोर पोलिखा ने गुरुवार को बड़ा बयान दिया। राजदूत ने कहा कि संकट की इस घड़ी में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करनी चाहिए। पीएम मोदी यदि पुतिन से बात करते हैं तो वह उनकी बात जरूर सुनेंगे।  

पोलिखा ने कहा कि दुनिया में शांति कायम करने में भारत अहम भूमिका निभा चुका है। भारत के रूस के साथ अच्चे संबंध हैं। ऐसे में पीएम मोदी यदि पुतिन से बात करते हैं तो वह उनकी बात सुनेंगे।  

मोदी जी अगर बोलेंगे तो पुतिन जरूर सोचेंगे-राजदूत
राजदूत ने कहा कि भारत को अपनी अंतरराष्ट्रीय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा, 'भारत और रूस के बीच खास रणनीतिक संबंध हैं। मुझे नहीं पता कि दुनिया के किसी नेता की बात पुतिन सुनेंगे कि नहीं। लेकिन मोदी जी का जो कद है उसे देखते हुए मुझे उम्मीद है कि भारतीय प्रधानमंत्री यदि पुतिन से बात करें तो वह उस पर जरूर सोचेंगे।'

'यूक्रेन के कई इलाकों पर रूस की बमबारी'
यूक्रेन पर रूस के हमले के बारे में जानकारी देते हुए राजदूत ने कहा कि कुछ हमले राजधानी के बाहरी इलाकों में हुए हैं। कुछ हमले यूक्रेन के काफी भीतरी इलाकों में हुए हैं। इन हमलों में यूक्रेन के सैनिक और आम लोग मारे गए हैं। रूस के ये हमले सुबह पांच बजे सुबह शुरू हुए। रूस ने बम एवं मिसाइलों से हमारी वायु सेना के ठिकानों, एयरपोर्ट एवं रक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है। 

केवल 500 KM दूर रह जाएगा मास्को! पुतिन के वो 5 डर जिसने हमले को किया मजबूर


रूस के 50 सैनिकों को मारने का दावा
राजदूत ने कहा कि कई इलाकों में लड़ाई जारी है। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि यूक्रेन की वायु सेना ने रूस के पांच फाइटल जेट्स, दो हेलिकॉप्टर, दो टैंक्स और कई ट्रकों को नष्ट कर दिया है। इस बीच, यूक्रेन की सेना ने दावा किया है कि उसकी जवाबी कार्रवाई में रूस के 50 सैनिक मारे गए हैं। सेना का कहना है कि उसने क्रामात्रोस्क इलाके में रूस के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया है। 

End of Article