Liz Truss: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की आज शपथ लेंगी लिज ट्रस, महारानी एलिजाबेथ द्वितीय करेंगी नियुक्त

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 6, 2022, 08:19 AM IST

Liz Truss: ट्रस प्रधानमंत्री के तौर पर बोरिस जॉनसन का स्थान लेंगी। ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने भारतीय मूल के ब्रिटेन के पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक को कंजरवेटिव पार्टी नेतृत्व के चुनाव में हराया।

Liz Truss: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की आज शपथ लेंगी लिज ट्रस, महारानी एलिजाबेथ द्वितीय करेंगी नियुक्त
Photo Credit: ANI

Liz Truss: लिज ट्रस ब्रिटेन की प्रधानमंत्री निर्वाचित हो गई हैं। ट्रस मंगलवार को ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभालेंगी। प्रधानमंत्री का कार्यभार संभालने से पहले ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय औपचारिक रूप से ट्रस को ब्रिटेन का प्रधानमंत्री नियुक्त करेंगी। इससे पहले बोरिस जॉनसन महारानी को औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपेंगे। समारोह स्कॉटलैंड में रानी के बाल्मोरल एस्टेट में होगा। ट्रस मार्गरेट थैचर और थेरेसा मे के बाद ब्रिटेन की तीसरी महिला प्रधानमंत्री होंगी।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की आज शपथ लेंगी लिज ट्रस 

ट्रस प्रधानमंत्री के तौर पर बोरिस जॉनसन का स्थान लेंगी। ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने भारतीय मूल के ब्रिटेन के पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक को कंजरवेटिव पार्टी नेतृत्व के चुनाव में हराया। चुनाव में 82.6 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें सुनक को 60,399 मत जबकि ट्रस को 81,326 मत मिले। मतदान के लिए कंजरवेटिव पार्टी के 172,437 सदस्य योग्य थे, वहीं 654 मत खारिज कर दिए गए। उनकी जीत का अंतर पार्टी के भीतर विभाजन को भी दर्शाता है। इस तरह ट्रस को 57.4 प्रतिशत और सुनक को 42.6 प्रतिशत मत मिले। ट्रस की तुलना में हालिया समय में नेतृत्व पद पर नेताओं ने ज्यादा अंतर से जीत हासिल की थी।

चुनाव नतीजों के बाद सुनक ने ट्वीट कर कहा कि मैंने पूरे प्रचार अभियान के दौरान कहा कि कंजरवेटिव पार्टी सदस्य एक परिवार हैं। ये सही है कि अब हम नई प्रधानमंत्री लिज ट्रस के पीछे एकजुट हैं, जो देश को कठिन समय में आगे बढ़ाएंगी। वहीं लिज ट्रस ने विजेता घोषित किए जाने के बाद अपने संबोधन में कहा कि हम वादे पूरे करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं ऊर्जा संकट का समाधान करूंगी, लोगों के बिजली बिल के मुद्दे का हल करूंगी, साथ ही ऊर्जा आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक मुद्दों पर भी गौर करूंगी। 

पीएम मोदी ने ट्रस को जीत पर दी बधाई

साथ ही ट्रस ने सुनक के साथ मौजूदा प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को भी शुक्रिया कहा। ट्रस ने कहा कि बोरिस आपने ब्रेक्जिट कराया, आपने विपक्ष के नेता जर्मी कोर्बिन को हराया, आपने टीकाकरण की शुरुआत की, आप व्लादिमीर पुतिन के सामने डटकर खड़े रहे। कीव से कार्लिस्ले तक आपकी सराहना होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन का प्रधानमंत्री चुने जाने पर विदेश मंत्री लिज ट्रस को बधाई दी और भरोसा व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी। पीएम मोदी ने ट्वीट में कहा कि ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री चुने जाने पर लिज ट्रस को बधाइयां। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी और भी मजबूत होगी।

End of Article