Pakistan: मॉनसूनी बारिश के बाद आई बाढ़ से लाखों पाकिस्तानी बुरी तरह प्रभावित, अब तक 1136 की मौत, दुनिया भेज रही मदद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 30, 2022, 09:45 AM IST

Pakistan: पाकिस्तान में आई बाढ़ की विभीषिका का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि 3.3 करोड़ लोगों को यानी देश की कुल आबादी के करीब सातवें हिस्सा को विस्थापित होना पड़ा है। 

Pakistan: मॉनसूनी बारिश के बाद आई बाढ़ से लाखों पाकिस्तानी बुरी तरह प्रभावित, अब तक 1136 की मौत, दुनिया भेज रही मदद
Photo Credit: AP

Pakistan: पाकिस्तान में आई विनाशकारी बाढ़ के कारण लाखों पाकिस्तानी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। असामान्य रूप से तेज मॉनसून की बारिश के बाद आई बाढ़ ने पूरे पाकिस्तान में घातक तबाही मचाई हुई है। वहीं अब देश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1136 हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकारियों ने कहा कि मृतकों की संख्या काफी अधिक हो सकती है, क्योंकि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हजारों गांव देश के बाकी हिस्सों से कटे हुए हैं और नदियों में उफान से सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। 

विनाशकारी बाढ़ से पाकिस्तान में अब तक 1136 की मौत

वहीं इस बीच देश में आर्थिक संकट के बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार की अपील के बाद पाकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय सहायता पहुंचने लगी है। बाढ़ की विभीषिका का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि 3.3 करोड़ लोगों को यानी देश की कुल आबादी के करीब सातवें हिस्सा को विस्थापित होना पड़ा है। 

पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को 10 अरब डॉलर तक का नुकसान- वित्त मंत्री

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री शेरी रहमान ने इसे दशक का सबसे भयावह मानसून कहा। वहीं वित्त मंत्री मिफ्ता इस्माइल ने कहा कि बाढ़ के कारण पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को 10 अरब डॉलर तक का नुकसान हुआ है। प्राकृतिक आपदाओं से निपटने वाले मुख्य राष्ट्रीय संगठन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से सोमवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक बाढ़ के कारण कम से कम 1136 लोग मारे गए हैं जबकि 1,634 लोग घायल हुए हैं। 

प्राधिकरण ने कहा कि करीब 9,92,871 घर पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे लाखों लोग भोजन व स्वच्छ पेयजल आदि से वंचित हो गए हैं। इसके साथ ही करीब 7.19 लाख पशु भी मारे गए हैं और लाखों एकड़ उपजाऊ भूमि लगातार बारिश से जलमग्न हैं।

End of Article