रक्षा मंत्री पद के लिए बिडेन की पसंद बने लॉयड ऑस्टिन, इस पद पर नियुक्त होने वाले पहले अश्वेत नागरिक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 8, 2020, 01:25 PM IST

लॉयड सेना में रहते हुए कम अहम पदों को संभाला है। सेंट्रल कमान का मुखिया होने के अलावा वह सेना के वाइस चीफ ऑफ स्टॉफ रह चुके हैं। रक्षा मंत्री बनने की राह में लॉयड के सामने एक अड़चन भी है।

रक्षा मंत्री पद के लिए बिडेन की पसंद बने लॉयड ऑस्टिन, इस पद पर नियुक्त होने वाले पहले अश्वेत नागरिक
Photo Credit: ANI

वाशिंगटन : अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति जो बिडेन ने देश के अगले रक्षा मंत्री का चुनाव कर लिया है। बिडेन ने इस पद के लिए सेना से रिटार्यड जनरल लॉयड ऑस्टिन का चयन किया है। अमेरिका के रक्षा मंत्री बनने वाले लॉयड पहले अश्वेत नागरिक होंगे। वह अमेरिका की सेंट्रल कमान के कमांडर रह चुके हैं। सीएनएन ने फैसले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र के हवाले से यह खबर दी है। हालांकि, लॉयड की इस नियुक्ति को अभी सीनेट से मंजूरी मिलनी बाकी है। सीनेट से यदि मंजूरी मिल जाती है तो लॉयड अमेरिका के रक्षा मंत्रालय का प्रभार संभालने वाले पहले अश्वेत नागरिक बन जाएंगे।

कई अहम पद पर दे चुके हैं सेवाएं
लॉयड सेना में रहते हुए कम अहम पदों को संभाला है। सेंट्रल कमान का मुखिया होने के अलावा वह सेना के वाइस चीफ ऑफ स्टॉफ रह चुके हैं। रक्षा मंत्री बनने की राह में लॉयड के सामने एक अड़चन भी है। दरअसल, अमेरिकी फेडरल कानून के हिसाब से एक्टिव ड्यूटी से रिटायर होने के सात साल के बाद ही कोई व्यक्ति सरकार का हिस्सा बन सकता है। जबकि लॉयड अभी चार साल पहले ही सेना से रिटायर हुए हैं। ऐसे में उन्हें कांग्रेस से छूट प्राप्त करनी होगी।

रक्षा मंत्री पद के लिए तीन नामों पर हुआ विचार
इससे पहले सीएनएन ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि रक्षा मंत्री पद के लिए जो तीन नाम अंतिम दौर में पहुंचे हैं उनमें से एक लॉयड भी हैं। रक्षा मंत्री पद के लिए मिशेल फ्लोरनॉय और जेह जॉनसन का नाम पर भी विचार चल रहा था्। मिशेल पेंटागन की वरिष्ठ अधिकारी एवं बराक ओबामा के प्रशासन में पॉलिसी पर उप रक्षा मंत्री रह चुकी हैं। वहीं, जॉनसन आंतरिक सुरक्षा के पूर्व मंत्री के पद पर कार्य कर चुके हैं। 

रक्षा मंत्री पद पर ऑस्टिन का चयन अहम
रक्षा मंत्री पद पर ऑस्टिन का चयन काफी अहम माना जा रहा है। बिडेन ने कहा है कि वह अपनी सरकार में ज्यादा से ज्यादा अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को शामिल करना चाहेंगे। अमेरिकी उप राष्ट्रपति पद के लिए भारतीय-अफ्रीकी मूल की अमेरिकी महिला कमला हैरिस चुनी गई है। हालांकि बाइडन और जनरल ऑस्टिन ने इस मामले पर अभी कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है। ऑस्टिन सेना में रहते हुए बिडेन के साथ लंबे समय तक किया है।    

End of Article