पाकिस्तान के बदहाल हालातों के बीच पाक पीएम इमरान खान जा रहे सऊदी अरब,वहां से मदद की आस!, ग्रीन समिट में होंगे शामिल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 23, 2021, 04:47 PM IST

सऊदी अरब के दौरे से पाकिस्तान को काफी उम्मीदें हैं क्योंकि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था बेहद बुरे दौर से गुजर रही है और FATF की ग्रे लिस्ट में रखे जाने से उसकी मुश्किलों में खासा इजाफा हो गया है।

 पाकिस्तान के बदहाल हालातों के बीच पाक पीएम इमरान खान जा रहे सऊदी अरब,वहां से मदद की आस!, ग्रीन समिट में होंगे शामिल

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान 23 से 25 अक्टूबर तक सऊदी अरब का दौरा करेंगे और रियाद में मिडल ईस्ट ग्रीन इनीशियेटिव (MGI) सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे तथा सऊदी नेताओं से बातचीत करेंगे।विदेश कार्यालय के बयान के अनुसार शहजादे मोहम्मद बिन सलमान ने प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया है। उसने कहा, 'प्रधानमंत्री के साथ विदेश मंत्री (शाह महमूद कुरैशी) और कैबिनेट के अन्य सदस्यों समेत एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल होगा।'

एमजीआई सम्मेलन में प्रधानमंत्री जलवायु परिवर्तन के कारण विकासशील देशों के सामने आने वाली चुनौतियों पर अपना नजरिया साझा करेंगे तथा पर्यावरण संबंधी चुनौतियों के प्रकृति-आधारित समाधान के पाकिस्तान के अनुभवों को रेखांकित करेंगे।यह पश्चिम एशिया में आयोजित होने वाला इस तरह का पहला सम्मेलन होगा।

कारोबारियों और निवेशकों से मिलेंगे इमरान खान

एमजीआई सम्मेलन में इमरान खान जलवायु परिवर्तन की वजह से विकासशील देशों के सामने आने वाली चुनौतियों पर अपना नजरिया पेश करेंगे वहींइमरान खान पाकिस्तान में निवेश को बढ़ावा देने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे तथा सऊदी अरब के प्रमुख कारोबारियों से बातचीत करेंगे।

इमरान खान को दोहरा झटका, FATF Grey List' की सूची में बरकरार रहेगा पाक

फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स ने पाकिस्तान को बढ़ी हुई निगरानी (ग्रे लिस्ट) के तहत बरकरार रखा है। आतंक वित्तपोषण की निगरानी करने वाली संस्था वित्तीय कार्रवाई कार्यदल (FATF) ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान अभी उसकी 'ग्रे (संदिग्ध) लिस्ट' में ही बरकरार रहेगा क्योंकि उसे यह बताना होगा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकियों जैसे हाफिज सईद और मसूदद अजहर और उनके नेतृत्व वाले समूहों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सईद और अजहर भारत के वांछितों की लिस्ट में भी हैं।

End of Article