US Presidential Debate: वर्चुअल डिबेट से ट्रंप का इंकार,अमेरिकी राष्ट्रपति के एक प्रस्ताव को बिडेन ने माना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 9, 2020, 07:05 AM IST

American Presidential Election: कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद अपने पहले इंटरव्यू में 'फॉक्स बिजनेस' की मारिया बारटीरोमो के साथ बातचीत में कहा कि 'वह वर्चुअल बैठक में शरीक होकर समय बर्बाद करने नहीं जा रहे।

US Presidential Debate: वर्चुअल डिबेट से ट्रंप का इंकार,अमेरिकी राष्ट्रपति के एक प्रस्ताव को बिडेन ने माना
Photo Credit: AP

वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह अगली प्रेसिडेंशियल डिबेट में शामिल नहीं होंगे। अगली प्रेसिडेंशियल डिबेट 15 अक्टूबर को होनी है। दरअसल, प्रेसिडेंशियल डिबेट वाले कमीशन ने गुरुवार सुबह इस बात की घोषणा की कि 15 अक्टूबर को होनी वाली अगली प्रेसिडेंशियल डिबेट वर्चुअल होगी। इसके कुछ मिनट बाद एक न्यूज चैनल के साथ बातचीत में ट्रंप ने इसका खंडन कर दिया। ट्रंप की ओर से दूसरी और तीसरी प्रेसिडेंशियल डिबेट आगे बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया जिनमें से बिडेन ने एक को स्वीकार किया है।

ट्रंप बोले- वर्चुअल बैठक समय की बर्बादी
कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद अपने पहले इंटरव्यू में 'फॉक्स बिजनेस' की मारिया बारटीरोमो के साथ बातचीत में कहा कि 'वह वर्चुअल बैठक में शरीक होकर अपना समय बर्बाद करने नहीं जा रहा हूं। मैं इस तरह की डिबेट में शामिल नहीं होऊंगा।' सीपीडी ने कहा कि दूसरी प्रेसिडेंशियल डिबेट वर्चुअल होगी जिसमें दोनों उम्मीदवार अलग-अलग जगहों से शरीक होंगे। दूसरी प्रेसिडेंसियल डिबेट के संचालन कर्ता सी-एसपीएएन के स्टीव स्कली हैं।  

'डिबेट के प्रारूप में बदलाव हमें मंजूर नहीं'
हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वह अपने प्रतिद्वंद्वी जो बिडेन के साथ इस वर्चुअल बहस में हिस्सा नहीं लेंगे। 'मॉर्निग विद मारिया' शो में ट्रंप ने कहा, 'आयोग ने डिबेट के प्रारूप में बदलाव कर दिया और यह हमें मंजूर नहीं है। मैंने बिडेन को पहली डिबेट में हराया है। मैं उन्हें दूसरी डिबेट में भी आसानी से हरा दूंगा। मैं वर्चुअल डिबेट में शरीक होकर अपने वक्त की बर्बादी करने नहीं जा रहा हूं।'

बिडेन वर्चुअल डिबेट के लिए तैयार
वहीं डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बिडेन ने ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया दी। फॉक्स न्यूज चैनल के मुताबिक बिडेन ने कहा, 'हमें नहीं पता कि राष्ट्रपति क्या करने जा रहे हैं। वह हर दूसरे सेकेंड अपनी बात से पलट जाते हैं ऐसे में उनके बयान पर प्रतिक्रिया देना ठीक नहीं होगा। मैं आयोग की अनुशंसा का पालन करने जा रहा हूं।' ट्रंप और बिडेन के बीच पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट 29 सितंबर को हुई। पहले दौर की बहस क्लीवलैंड में हुई थी जिसमें दोनों उम्मीदवार शरीक हुए। इस बहस में ट्रंप और बिडेन के बीच कोविड-19 संकट को  लेकर तीखी बहस देखने को मिली।

ट्रंप के दो प्रस्तावों में से एक को किया मंजूर 
ट्रंप का चुनाव प्रचार देखने वाली समिति ने दूसरे और तीसरे प्रेसिडेंशियल डिबेट की तारीख आगे बढ़ाने का प्रस्ताव जो बिडेन के पास भेजा था लेकिन बिडेन ने इन दोनों प्रस्तावों में एक को स्वीकार किया। ट्रंप की तरफ से दूसरी प्रेसिडेंशियल डिबेट 22 अक्टूबर को और तीसरी एवं अंतिम डिबेट 29 अक्टूबर को आयोजित करने का प्रस्ताव दिया गया था। वहीं 15 अक्टूबर को वर्चुअल डिबेट के लिए तैयार होने वाले बिडेन दूसरी प्रेसिडेंशियल डिबेट 22 अक्टूबर को करने के लिए तैयार हो गए थे लेकिन उन्होंने तीसरी प्रेसिडेंशियल डिबेट 29 अक्टूबर को करने की पेशकश खारिज कर दी।   



End of Article