दुनिया

ट्रंप के सीजफायर के दावे के बीच खामनेई का बयान-'हम सरेंडर नहीं करते', ईरानी विदेश मंत्री बोले-'सीजफायर' जैसी अभी कोई बात नहीं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इजरायल और ईरान दोनों सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास आरागची ने कहा है कि इजरायल अपनी 'अनुचित आक्रामकता' को यदि रोक देता है तो 'ईरान अपनी जवाबी कार्रवाई जारी रखने का इरादा नहीं रखता है।' हालांकि खामनेई ने अलग बात कही है।

Image

ईरान और इजरायल के बीच हो सकता है सीजफायर।

Iran Israel Ceasefire: इजरायल के साथ सीजफायर की घोषणा होने के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामनेई ने एक बड़ी बात कह दी है। अपने एक ट्वीट में उन्होंने कहा है कि 'जो लोग ईरान के लोगों और उनके इतिहास को जानते हैं, उन्हें पता है कि ईरान ऐसा देश है जो सरेंडर नहीं करता है।' उनके इस ट्वीट के कई मतलब निकल रहे हैं। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इजरायल और ईरान दोनों सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास आरागची ने कहा है कि इजरायल अपनी 'अनुचित आक्रामकता' को यदि रोक देता है तो 'ईरान अपनी जवाबी कार्रवाई जारी रखने का इरादा नहीं रखता है।' विदेश मंत्री ने कहा कि हमले रोकने पर सहमति अथवा सीजफायर जैसी कोई बात नहीं हुई है। इस बारे में बाद में निर्णय लिया जाएगा।

ट्रंप का दावा-सीजफायर पर दोनों देश सहमत

राष्ट्रपति ट्रंप ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि इजरायल और ईरान 24 घंटे में चरणबद्ध तरीके से समाप्त होने वाले समग्र युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्रुथ सोशल पर कहा कि सीजफायर युद्ध का आधिकारिक अंत लाएगा, जो कि तीन ईरानी परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हमले के बाद संघर्ष को लेकर एक बड़ा बदलाव है।

मैं ईरान को बधाई देना चाहूंगा-ट्रंप

ट्रंप ने पोस्ट किया- इस धारणा पर कि सब कुछ वैसा ही काम करेगा जैसा कि होना चाहिए, और ऐसा ही होगा, मैं दोनों देशों, इजरायल और ईरान को बधाई देना चाहूंगा कि उनके पास वह सहनशक्ति, साहस और बुद्धिमत्ता है, जिसे 12 दिवसीय युद्ध कहा जाना चाहिए।

कतर में अमेरिकी बेस पर हमला

बता दें कि ईरान ने सोमवार को कतर स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइल हमला किया था। अमेरिका द्वारा ईरान के परमाणु स्थलों पर बमबारी के जवाब में उठाए गए इस कदम से अस्थिर क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। अमेरिका ने पुष्टि की है कि कतर स्थित वायु सेना अड्डे पर ईरान की ओर से मिसाइल हमला किया गया। उसने कहा कि इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!