बिजनेस

Dollar Vs Rupee: लगातार दूसरे दिन दहाड़ा रुपया, अब 1 डॉलर की कीमत इतनी हुई

अमेरिकी डॉलर के सामने रुपया लगातार मजबूत हो रहा है। रुपये में आज दूसरे दिन अच्छी तेजी है।

Image

रुपया बनाम डॉलर

Dollar Vs Rupee: अमेरिकी डॉलर के सामने मंगलवार को रुपये में लगातार दूसरे दिन जबरस्त तेजी देखने को मिल रही है। रुपया शुरुआती कारोबार में आज 35 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.64 पर पहुंच गया है। ईरान युद्ध खत्म होने की उम्मीद और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपये में तेजी का सिलसिला जारी है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख से भी भारतीय मुद्रा को समर्थन मिला है।

सोमवार को भी रुपया हुआ था मजबूत

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.75 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में डॉलर के मुकाबले 95.64 पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 35 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया सोमवार को 54 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.99 पर बंद हुआ था। इससे पहले शुक्रवार को भी इसमें 20 पैसे की मजबूती आई थी।

डॉलर इंडेक्स में गिरावट

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.31 पर रहा। वहीं, घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 14.66 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,850.44 अंक पर और एनएसई निफ्टी 27.10 अंक यानी 0.11 प्रतिशत बढ़कर 24,023.45 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ 87.10 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,688.23 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। आर्थिक जगत के जानकारों का कहना है कि रुपये में मजबूती अच्छी बात है। इससे भारत का आयात बिल कम करने में मदद मिलेगी। जरूरी सामान के दाम नहीं बढ़ने से साथ ही महंगाई को भी काबू में रखा जा सकेगा। विदेशों में घूमना और बच्चों को पढ़ाने का बजट भी कम होगा।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article