दुनिया

'हम महात्मा की भूमि हैं, हम बुद्ध की भूमि हैं; लेकिन हम कृष्ण की भी भूमि हैं...' जर्मनी में शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पाकिस्तान को दिखाया आइना

Operation Sindoor: शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने जर्मनी में कहा कि भारत के सशस्त्र बलों ने देश पर बुरी नजर रखने वालों को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि हम महात्मा की भूमि हैं, हम बुद्ध की भूमि हैं, लेकिन हम कृष्ण की भूमि भी हैं।

Image

जर्मनी में शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने पाकिस्तान पर जमकर साधा निशाना

Photo : ANI

Operation Sindoor: शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा है कि भारत के सशस्त्र बलों ने देश पर बुरी नजर रखने वालों को करारा जवाब दिया है और किसी भी आतंकवादी हमले का कड़ा जवाब दिया जाएगा। प्रियंका चतुर्वेदी, जो आतंकवाद के खिलाफ भारत की शून्य सहनशीलता नीति को उजागर करने के लिए साझेदार देशों का दौरा करने वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की सदस्य हैं, ने जर्मनी में भारतीय प्रवासियों को बताया कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पहलगाम आतंकवादी हमले का कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हमारे सशस्त्र बलों ने उन लोगों को मुंहतोड़ जवाब दिया जिन्होंने बार-बार हमारे देश पर हमला किया। हमारी प्रतिक्रिया परिपक्व और जिम्मेदार रही है। उन्होंने कहा कि हम महात्मा की भूमि हैं, हम बुद्ध की भूमि हैं, लेकिन हम कृष्ण की भूमि भी हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान और पाक अधिकृत जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाया गया।

केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया आतंकवाद से है पीड़ित: प्रियंका चतुर्वेदी

प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि भारत आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाकर एक तरह से संयुक्त राष्ट्र का काम कर रहा है। प्रियंका चतुर्वेदी ने पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र की आतंकवाद निरोधी समिति का उपाध्यक्ष पद मिलने पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि क्या आप जानते हैं कि उन्हें क्या जिम्मेदारी मिली है? उन्हें आतंकवाद निरोधक समिति का उपाध्यक्ष पद मिला है। यह मसूद अजहर और हाफिज सईद से वैश्विक शांति और न्याय के लिए लड़ने के लिए कहने जैसा है। हमें इस पर आवाज उठानी होगी। केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया पीड़ित है। मसूद अजहर से लेकर ओसामा बिन लादेन तक सभी वहीं (पाकिस्तान) पाए गए हैं। उन्हें तालिबान प्रतिबंध समिति का अध्यक्ष पद भी मिला है। उन्होंने कहा कि भारत में सभी धर्म शांतिपूर्ण ढंग से सह-अस्तित्व में हैं। उन्होंने कहा कि असीम मुनीर के अंदर का जिन्ना तब जाग उठा जब उन्होंने भाषण देते हुए कहा कि हिंदू और मुसलमान एक साथ नहीं रह सकते। आज भारत इस बात का एक शानदार उदाहरण है कि कैसे 20 करोड़ मुसलमान सद्भावना से रहते हैं और यह पाकिस्तान के लिए एक करारा जवाब है।

Priyanka Chaturvedi

Priyanka Chaturvedi

आतंकवाद के खिलाफ लड़ना वैश्विक जिम्मेदारी : प्रियंका चतुर्वेदी

चतुर्वेदी ने कहा कि वह उस पार्टी से ताल्लुक रखती हैं जो पाकिस्तान के साथ तब तक बातचीत के खिलाफ है जब तक वह सीमापार आतंकवाद का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं उस पार्टी से आती हूं। उन्होंने प्रवासी समुदाय से भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति समर्थन प्रदर्शित करने का आह्वान किया और प्रवासी समुदाय ने उनकी प्रशंसा में नारे लगाए। सामुदायिक कार्यक्रम की शुरुआत में, प्रवासी भारतीयों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा। प्रियंका चतुर्वेदी ने बाद में बताया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ना वैश्विक जिम्मेदारी है। हमने जिन छह देशों का दौरा किया, वहां हमने अपने प्रवासी समुदाय की ताकत देखी है...हमने विभिन्न अधिकारियों से मुलाकात की और उनके सामने अपने विचार रखे...हमने उनसे कहा कि आतंकवाद की समस्या, जिसका हम दशकों से सामना कर रहे हैं, आपके दरवाजे तक भी पहुंच सकती है...आतंकवाद को समाप्त करना विश्व की जिम्मेदारी है जर्मनी और जिन विभिन्न देशों का हमने दौरा किया, उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हमें समर्थन दिया है।

रविशंकर प्रसाद

रविशंकर प्रसाद

बता दें, रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में भाजपा सांसद दग्गुबाती पुरंदेश्वरी, एमजे अकबर, गुलाम अली खटाना और समिक भट्टाचार्य शामिल हैं; कांग्रेस सांसद अमर सिंह, शिवसेना (यूबीटी) से प्रियंका चतुर्वेदी, अन्नाद्रमुक सांसद एम थंबीदुरई और पूर्व राजनयिक पंकज सरन। बेल्जियम की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद प्रतिनिधिमंडल जर्मनी पहुंचा। इससे पहले, रविशंकर प्रसाद ने कहा कि उन्होंने ब्रुसेल्स की अपनी यात्रा के दौरान आतंकवाद के बारे में गंभीर चिंता जताई और पाकिस्तान के जनरलों ने सैन्य आतंकवादी गठबंधन की मदद से उस देश को चलाया, जो लोकतंत्र और मानवता के लिए खतरा है। भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी बुनियादी ढांचे के खिलाफ लक्षित हमले किए, जिसके परिणामस्वरूप 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए। भारत ने इसके बाद पाकिस्तान के आक्रमण को विफल कर दिया और उसके हवाई ठिकानों पर बमबारी की।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article