Iran Supreme Leader Funeral: ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में उनके तीन बेटे मुस्तफा, मेयसाम और मसूद खामेनेई शामिल हुए और उन्होंने अपने पिता के ताबूत के पास नमाज अदा की। हालांकि, ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई नजर नहीं आए, जिससे उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर अटकलें तेज हो गईं।
ईरानी सरकारी टीवी ने तेहरान स्थित से इमाम खोमैनी ग्रैंड मुसल्ला में ताबूतों के पीछे खड़े तीनों भाइयों की तस्वीरें प्रसारित कीं। इमाम खोमैनी ग्रैंड मुसल्ला एक धार्मिक परिसर है, जहां पर अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हफ्तेभर चलेंगे अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम
ईरान ने अली खामेनेई की याद में हफ्तेभर चलने वाले अंतिम संस्कार कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उनके पार्थिव शरीर को तेहरान के अलावा इराक के प्रमुख शिया धार्मिक स्थलों पर भी ले जाया जाएगा।
कहां हैं मोजतबा खामेनेई?
अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्में शुरू होने के बावजूद मोजतबा कहीं नजर नहीं आए। उनकी गैरमौजूदगी को लेकर इंटरनेट और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में मोजतबा भी घायल हो गए थे। उनके चेहरे और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: खामेनेई का अंतिम संस्कार: खोदी गईं 3000 कब्रें, आखिर क्यों? फूट-फूट कर रो पड़े गालिबफ और अराघची
सुरक्षा कारणों से नहीं आए मोजतबा?
मोजतबा खामेनेई के प्रतिनिधियों और ईरानी अधिकारियों का कहना है कि उनकी गैरमौजूदगी की वजह असाधारण सुरक्षा चिंताएं हैं। उनके प्रतिनिधि आयतुल्ला हकीम इलाही के मुताबिक, इजरायली धमकियों और निगरानी के जोखिमों के चलते सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होना खतरनाक है। रिपोर्ट्स के अनुसार, तेहरान प्रशासन को आशंका है कि मौजूदा तनावपूर्ण माहौल में मोजतबा की सार्वजनिक मौजूदगी उन्हें निशाना बना सकती है।
