दुनिया

भारत की सख्ती से बौखलाए कनाडाई PM ट्रूडो, देश जाकर बोले- खालिस्तानी आतंकी निज्जर की हत्या में हो सकता है इंडिया का हाथ

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Sep 19, 2023, 07:14 AM IST

जी20 शिखर सम्मेलन से इतर एक बैठक में पीएम मोदी ने कनाडा में चरमपंथी तत्वों द्वारा की जा रही भारत विरोधी गतिविधियों के बारे में जस्टिन ट्रूडो के सामने अपनी गहरी चिंता व्यक्त की थी।

Image

खालिस्तान के मु्ददे पर पीएम मोदी ने ट्रूडो को सुनाई थी खरी-खरी (फोटो- X/@JustinTrudeau)

हाल ही में भारत में जी 20 का सम्मेलन हुआ था, कई बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली आए थे। कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो भी दिल्ली आए थे। जी20 सम्मेलन से इतर, पीएम मोदी के साथ उनकी एक मीटिंग भी हुई थी, इसी मीटिंग में पीएम मोदी ने जस्टिन ट्रूडो को कनाडा में सक्रिय भारत विरोधी ताकतों पर खरी-खरी सुना दी थी। इसके बाद जस्टिन ट्रूडो अपने देश लौटे, जहां उनका काफी विरोध हुआ, कनाडा के लोग ट्रूडो से आक्रोशित थे, अब ट्रूडो ने अपनी छवि बचाने के लिए भारत के खिलाफ आरोप लगाने शुरू कर दिए हैं।

बौखलाए ट्रूडो ने लगाए आरोप

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने मंगलवार को कहा कि देश की सुरक्षा एजेंसियां भारत सरकार और इस साल की शुरुआत में खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बीच संबंध की जांच कर रही हैं। ट्रूडो ने ओटावा में हाउस ऑफ कॉमन्स में बोलते हुए कहा- "कनाडाई सुरक्षा एजेंसियां भारत सरकार के एजेंटों और एक कनाडाई नागरिक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बीच संभावित संबंध के विश्वसनीय आरोपों पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। कनाडा ने भारत सरकार के शीर्ष खुफिया सुरक्षा अधिकारियों को अपनी गहरी चिंताओं से अवगत कराया है। पिछले हफ्ते, जी 20 में, मैंने बिना किसी अनिश्चित शब्दों के उन्हें व्यक्तिगत रूप से और सीधे प्रधान मंत्री मोदी के सामने रखा था।"

कौन था हरदीप सिंह निज्जर

भारत में वांटेड खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की इस साल कनाडा में हत्या कर दी गई थी। निज्जर की सरे में एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। 2022 में जालंधर में एक हिंदू पुजारी की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगने के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने निज्जर पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। कनाडा में रहने वाला निज्जर खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) का प्रमुख था, जिस संगठन पर पुजारी की हत्या का आरोप था। इससे पहले एनआईए ने भारत के खिलाफ आतंकी वारदातों की साजिश रचने के एक मामले में निज्जर के खिलाफ आरोपपत्र भी दाखिल किया था।

पीएम मोदी ने क्या कहा था

जी20 शिखर सम्मेलन से इतर एक बैठक में पीएम मोदी ने कनाडा में चरमपंथी तत्वों द्वारा की जा रही भारत विरोधी गतिविधियों के बारे में जस्टिन ट्रूडो के सामने अपनी गहरी चिंता व्यक्त की थी। पीएमओ ने एक बयान में कहा था-"उन्होंने (प्रधानमंत्री मोदी) कनाडा में चरमपंथी तत्वों की भारत विरोधी गतिविधियों को जारी रखने के बारे में हमारी कड़ी चिंताओं से अवगत कराया। वे अलगाववाद को बढ़ावा दे रहे हैं और भारतीय राजनयिकों के खिलाफ हिंसा भड़का रहे हैं, राजनयिक परिसरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और कनाडा में भारतीय समुदाय और उनके पूजा स्थलों को धमकी दे रहे हैं। इन चरमपंथी ताकतों का संगठित अपराध, ड्रग सिंडिकेट और मानव तस्करी से जुड़ाव भी कनाडा के लिए चिंता का विषय होना चाहिए।"

भारतीय राजनियक निष्कासित

इस बीच, कनाडा ने ट्रूडो के भाषण के बाद एक भारतीय राजनयिक को निष्कासित कर दिया है। कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जोली ने कहा कि देश में भारतीय खुफिया प्रमुख को निष्कासित कर दिया गया है। जोली ने कहा- "अगर यह सच साबित हुआ, तो यह हमारी संप्रभुता और देशों के एक-दूसरे के साथ व्यवहार करने के सबसे बुनियादी नियम का बड़ा उल्लंघन होगा।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article