दुनिया

यूक्रेन के पूर्व राष्ट्रपति के सलाहकार रहे एंड्री पोर्टनोव की स्पेन में हत्या, माने जाते थे रूस के करीबी

यानुकोविच के राष्ट्रपति रहने के दौरान पोर्टनोव को रूस समर्थक राजनीतिक शख्स के रूप में देखा जाता था और वह यूक्रेन में 2014 की क्रांति में हिस्सा लेने वालों को सताने के उद्देश्य से कानून का मसौदा तैयार करने में शामिल थे।

Image

स्पेन में एंट्री पोर्टनोव की हत्या (फाइल फोटो- Wikimedia Commons)

Adviser to Ukrainian Ex-President Shot Dead: पूर्व यूक्रेनी राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच के सलाहकार की बुधवार को मैड्रिड के एक स्कूल के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्पेन के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। स्पेन के गृह मंत्रालय ने मारे गए शख्स की पहचान 52 वर्षीय एंड्री पोर्टनोव के रूप में की है। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सुबह 9:15 बजे गोली मारी गई। पुलिस के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पोर्टनोव को एक से अधिक बंदूकधारियों ने सिर और शरीर पर कई बार गोली मारी, जब वह एक गाड़ी में सवार हो रहे थे। पुलिस ने बताया कि हमलावर इसके बाद पैदल ही जंगल वाले इलाके में भाग गए।

यानुकोविच से बहुत करीब से जुड़े हुए थे पोर्टनोव

पोर्टनोव एक पूर्व यूक्रेनी राजनेता थे, जो यानुकोविच से बहुत करीब से जुड़े हुए थे। पोर्टनोव ने 2010 से 2014 तक राष्ट्रपति कार्यालय के उप प्रमुख के रूप में काम किया है। यानुकोविच के राष्ट्रपति रहने के दौरान पोर्टनोव को रूस समर्थक राजनीतिक शख्स के रूप में देखा जाता था और वह यूक्रेन में 2014 की क्रांति में हिस्सा लेने वालों को सताने के उद्देश्य से कानून का मसौदा तैयार करने में शामिल थे।

यूक्रेन से भागने के बाद ऑस्ट्रिया पहुंचे

2014 में यूक्रेन से भागने के बाद पोर्टनोव कथित तौर पर ऑस्ट्रिया में जाने से पहले 2015 में रूस में रहे थे। यह साफ नहीं हुआ कि वह स्पेन कब गए थे। 2018 में यूक्रेन की सुरक्षा सेवा SBU ने राजद्रोह के संदेह पर उनके खिलाफ एक जांच शुरू की थी, जिसमें रूस द्वारा क्रीमिया प्रायद्वीप पर अवैध कब्जे में उनके शामिल होने का आरोप लगाया गया था। ये आपराधिक मामला 2019 में बंद कर दिया गया था।

2021 में अमेरिका ने पोर्टनोव पर व्यक्तिगत प्रतिबंध लगाए, उन्हें भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार या सहभागी करार दिया था। उन्हें राज्य की संपत्ति का दुरुपयोग, निजी लाभ के लिए निजी संपत्ति का अधिग्रहण, सरकारी अनुबंधों से संबंधित भ्रष्टाचार या प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग या रिश्वतखोरी शामिल शख्स के रूप में नामित किया था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article