दुनिया

गाजा को बसाने के लिए 7 देश देंगे पैसा, 5 मुल्क भेजेंगे अपने सैनिक, PAK को ट्रंप ने नहीं दी बड़ी जिम्मेदारी

ट्रंप ने कहा कि गाजा के पुनर्निमाण के लिए कजाकिस्तान, अजरबैजान, यूएई, मोरोक्को, बहरीन, कतर, सऊदी अरब, उज्बेकिस्तान और कुवैत ने शुरुआती भुगतान कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि प्रत्येक डॉलर गाजा के लोगों और वहां स्थिरता कायम करने पर खर्च होगा। बोर्ड ऑफ पीस गाजा के लोगों के लिए एक बेहतर भविष्य का निर्माण करेगा।

Image

वाशिंगटन में हुई बोर्ड ऑफ पीस की पहली बैठक।

Photo : AP

Board Of peace first meeting: गाजा के पुनर्निमाण पर बोर्ड ऑफ पीस की गुरुवार को पहली बैठक हुई। इस बैठक के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि गाजा पट्टी की नए सिरे से पुनर्निमाण करने के लिए नौ सदस्य देश सात अरब डॉलर की मदद करेंगे जबकि पांच देशों ने वहां अपनी सेना भेजने की सहमति दी है। वॉशिंगटन डीसी में बोर्ड की बैठक को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका 10 अरब डॉलर का योगदान करेगा। हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि गाजा में यह रकम कहां खर्च होगी।

इन देशों ने शुरुआती भुगतान किया

ट्रंप ने कहा कि गाजा के पुनर्निमाण के लिए कजाकिस्तान, अजरबैजान, यूएई, मोरोक्को, बहरीन, कतर, सऊदी अरब, उज्बेकिस्तान और कुवैत ने शुरुआती भुगतान कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि प्रत्येक डॉलर गाजा के लोगों और वहां स्थिरता कायम करने पर खर्च होगा। बोर्ड ऑफ पीस गाजा के लोगों के लिए एक बेहतर भविष्य का निर्माण करेगा। बोर्ड ऑफ पीस का अनुमान है कि गाजा के पुनर्निमाण में करीब 70 अरब डॉलर खर्च होंगे। इजरायल के हमलों में गाजा पूरी तरह से बर्बाद हो गया है। इमारतें मलबे की ढेर में बदल गई हैं।

ये पांच देश भेजेंगे अपने सैनिक

वहीं, गाजा स्थिरीकरण बल (ISF) में पांच देश अपनी सेना भेजने के लिए तैयार हुए हैं। ये पांच देश हैं इंडोनेशिया, मोरक्को, कजाकिस्तान, कोसोवो और अल्बानिया। गाजा में अंतरराष्ट्रीय सैन्य बल की तैनाती की योजना ट्रंप के 20 सूत्रीय गाजा प्लान का हिस्सा है। जबकि मिस्र और जॉर्डन ने कहा है कि वे पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने कहा कि उनका देश गाजा में अपने 8000 सैनिक भेजेगा।

सबसे पहले रफाह में तैनात होंगे सैनिक

इस बल का नेतृत्व इंडोनेशिया के डिप्टी के साथ एक अमेरिकी जनरल करेगा। इस बल की तैनाती सबसे पहले इजरायल के नियंत्रण वाले रफाह में होगी। यह बल वहां नए पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित करेगा। शुरुआती योजना गाजा में 12,000 पुलिसकर्मियों और 20,000 सैनिकों को तैनात करने की है। इस पीच, हमास के प्रवक्ता हाजिम कासिम ने कहा कि किसी भी इंटरनेशनल फोर्स को 'सीजफायर पर नजर रखनी चाहिए और इजरायल को अपना हमला जारी रखने से रोकना चाहिए।'

ट्रंप ने पहली बार पिछले सितंबर में युद्ध खत्म करने के अपने प्लान के हिस्से के तौर पर बोर्ड का प्रस्ताव रखा था। लेकिन अक्टूबर के 'सीजफायर' के बाद से, बोर्ड के लिए ट्रंप का विजन बदल गया है, और वह चाहते हैं कि दुनिया भर में दूसरी लड़ाइयों से निपटने के लिए इसका दायरा और भी बड़ा हो।

Alok Rao
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article