ताइवान में देर रात काफी तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.0 दर्ज की गई है।यह भूकंप स्थानीय समयानुसार रात 11:05 बजे ताइवान के उत्तर-पूर्वी तट के पास यिलान काउंटी के करीब आया, जिसका केंद्र समुद्र के लगभग 32 किलोमीटर पूर्व में था और गहराई करीब 73 किलोमीटर थी। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार,इस भूकंप को जापान,फिलीपींस और चीन में भी महसूस किया गया।
भूकंप के झटके ताइवान की राजधानी ताइपे तक महसूस हुए और कई इमारतें हिलने की खबरें मिलीं। हालांकि,ताइपे सिटी सरकार ने कहा है कि शुरुआती रिपोर्ट्स में कोई बड़ा नुकसान या भारी क्षति की जानकारी नहीं मिली है। वहीं, ताइवान की नेशनल फायर एजेंसी ने भूकंप के बाद तत्काल जांच और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। भूकंप के चलते जनता को सुरक्षित रहने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
तीन दिन पहले भी आया था भूकंप
शनिवार को आया भूकंप इस सप्ताह ताइवान में आया दूसरा भूकंप था,इससे पहले बुधवार को 6.0 तीव्रता का भूकंप आया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि 21 सितंबर, 1996 को इस क्षेत्र में आए भीषण भूकंप के बाद से ताइपे में महसूस किया गया यह सबसे शक्तिशाली भूकंप है।
प्रत्यक्षदर्शियों का क्या कहना?
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने इसे शहर में वर्षों में महसूस किए गए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक बताया। हालांकि अभी तक किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। अधिकारी अब इस भूगर्भीय रूप से सक्रिय क्षेत्र में भूकंप के बाद के झटकों पर नजर रख रहे हैं और सुनामी का कोई खतरा नहीं है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें एक इमारत के कमरे के अंदर भूकंप के झटके दिखाई दे रहे हैं। यूजर का कहना है कि ये झटके लगभग एक मिनट तक महसूस किए गए। हालांकि,टाइम्स नाउ इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकता।
ताइवान में इसलिए आते हैं भूकंप
बता दें कि ताइवान भूकंपीय रूप से संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है। यह दो टेक्टोनिक प्लेटों के मिलन बिंदु के पास है। ऐसे इलाकों में अक्सर भूचाल आते रहते हैं। यहां के इतिहास में भी कई बड़े भूकंप आए हैं। 2016 में,दक्षिणी ताइवान में एक शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसमें 100 से अधिक लोग मारे गए थे। इससे पहले,1999 में 7.3 तीव्रता के भूकंप ने इस क्षेत्र को तबाह कर दिया था,जिसमें 2000 से अधिक लोग मारे गए थे।
