दुनिया

अफ्रीकी देश Mali में 5 भारतीय नागरिक अगवा, दूतावास 'सुरक्षित रिहाई' के लिए कर रहा काम

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, माली में पांच भारतीय नागरिकों को अगवा कर लिया गया है। यह घटना 6 नवंबर को कोब्री के पास हुई। भारतीय दूतावास उनकी सुरक्षित रिहाई के लिए स्थानीय अधिकारियों और संबंधित कंपनी के साथ मिलकर काम कर रहा है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो (istock)

पश्चिम अफ्रीकी देश माली में भारतीय दूतावास ने रविवार को बताया कि पांच भारतीय नागरिकों को अगवा कर लिया गया है और उनकी 'सुरक्षित रिहाई' सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं। स्थानीय रिपोर्टों और कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, अपहरण 6 नवंबर को पश्चिमी माली में कोब्री के पास हुआ। AFP की रिपोर्ट के अनुसार, बंदूकधारियों ने इस क्षेत्र में बिजलीकरण परियोजनाओं में लगी एक कंपनी में काम करने वाले भारतीय श्रमिकों की एक टीम को रोक लिया।

भारतीय दूतावास ने X पर एक पोस्ट में कहा, 'दूतावास को 6 नवंबर 2025 को माली में हमारे पांच नागरिकों के अपहरण की दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी है।' इसमें आगे कहा गया है, 'दूतावास उनकी सुरक्षित रिहाई जल्द से जल्द सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों और संबंधित कंपनी के साथ मिलकर काम कर रहा है।'

कंपनी के एक प्रतिनिधि ने AFP को पुष्टि की कि पांच भारतीय नागरिकों को अगवा कर लिया गया है। उन्होंने कहा, 'कंपनी के लिए काम करने वाले अन्य भारतीयों को राजधानी बमाको ले जाया गया है।' अभी तक किसी भी समूह ने अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली है। माली अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट से जुड़े जिहादी समूहों से बढ़ती हिंसा के साथ-साथ बढ़ते आपराधिक गतिविधियों से जूझ रहा है। सैन्य शासन के तहत देश में विदेशी नागरिकों के अपहरण की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं।

सितंबर में, अल-कायदा से जुड़े आतंकवादियों ने बमाको के पास दो अमीराती नागरिकों और एक ईरानी को अगवा कर लिया था। कथित तौर पर कम से कम 50 मिलियन अमेरिकी डॉलर की फिरौती देने के बाद उन्हें पिछले हफ्ते रिहा कर दिया गया था।

इससे पहले इस साल जुलाई में, माली गणराज्य के कायस में डायमंड सीमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले तीन भारतीय नागरिकों को अगवा कर लिया गया था। यह घटना 1 जुलाई को हुई थी, जब सशस्त्र हमलावरों के एक समूह ने फैक्ट्री परिसर में एक समन्वित हमला किया और तीन भारतीय नागरिकों को जबरन बंधक बना लिया था।

विदेश मंत्रालय (MEA) ने अपहरण पर 'गहरी चिंता' व्यक्त की थी और कहा था कि सरकार बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए राजनयिक चैनलों के माध्यम से काम कर रही है। मिनिस्ट्री ने एक बयान में कहा, 'भारत सरकार हिंसा की इस दुखद घटना की कड़ी निंदा करती है और माली गणराज्य की सरकार से अपील करती है कि वह अगवा किए गए भारतीय नागरिकों की सुरक्षित और जल्द रिहाई के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाए।' इसमें यह भी कहा गया कि विदेश में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और भलाई 'सबसे ज़्यादा प्राथमिकता का मामला' है और माली में रहने वाले नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सतर्क रहें और अपडेट और मदद के लिए बामाको में भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क में रहें।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article