Mozambique Boat Mishap: मोजाम्बिक में एक नाव दुर्घटना में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई और एक घायल हो गया, जबकि पांच अन्य को बचा लिया गया। भारतीय उच्चायोग ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह दुर्घटना बृहस्पतिवार को हुई। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, भारतीय मिशन ने बेरा बंदरगाह के पास हुई नाव दुर्घटना में "तीन भारतीय नागरिकों सहित सभी लोगों की मृत्यु पर गहरी संवेदना" व्यक्त की।
परिवार के संपर्क में उच्चायोग
मिशन ने कहा कि वह दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के संपर्क में है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है। उच्चायोग ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि मिशन के एक कांसुलर अधिकारी ने उस भारतीय नागरिक से मुलाकात की, जो दुर्घटना में बच गया था और अस्पताल में भर्ती है। उसने कहा, ‘‘पांच अन्य भारतीय नागरिकों को बचा लिया गया है।’’
उच्चायोग ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मध्य मोजाम्बिक में बेइरा बंदरगाह के पास 14 भारतीय नागरिकों सहित कई अन्य लोगों को ले जा रही नौका पलट गई। दुर्घटना के कारण और उसमें सवार लोगों की संख्या के बारे में विवरण तुरंत उपलब्ध नहीं हो सका है। भारत और मोजाम्बिक के बीच घनिष्ठ राजनयिक और आर्थिक संबंध हैं।
उच्चायोग की वेबसाइट के अनुसार, लगभग 20,000 मोजाम्बिक नागरिकों की जड़ें भारत से जुड़ी हैं। उनमें से अधिकतर गुजरात, गोवा, दमन और दीव से हैं। इसमें कहा गया है कि देश में लगभग 3,000 भारतीय नागरिक हैं, जो विभिन्न भारतीय कंपनियों में कार्यरत हैं या मोजाम्बिक की कंपनियों में पेशेवर के रूप में काम कर रहे हैं।
