पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को हुए भीषण उग्रवादी हमले को लेकर ताजा अपडेट सामने आया है। इस हमले में 21 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हमला बन्नू जिले के एक पुलिस चौकी पर हुआ, जहां आत्मघाती विस्फोट के बाद भारी संख्या में उग्रवादियों ने हमला बोल दिया।
कैसे किया हमला?
जानकारी के मुताबिक, हमले के वक्त उग्रवादी विस्फोटकों से भरे वाहन में सवार पुलिस चौकी की ओर बढ़ रहे थे। जब सुरक्षा बलों ने वाहन को रोकने के लिए फायरिंग की,तो उसमें जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद बड़ी संख्या में आतंकियों ने चौकी पर धावा बोल दिया और दोनों ओर से भारी गोलीबारी शुरू हो गई। इस दौरान 21 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
अब कैसे हैं हालात?
अधिकारियों ने बताया कि ये विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई मकानों की छतें ढह गईं। वहीं पुलिस पोस्ट तो पूरी तरह तबाह हो गई। बन्नू पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमले में कितने आतंकी मारे गए या किसी को गिरफ्तार किया गया है या नहीं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
क्या बोले मुख्यमंत्री मोहम्मद सोहेल अफरीदी?
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सोहेल अफरीदी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे कायराना आतंकवादी हमला करार दिया। साथ ही अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे हमले पुलिस और जनता के मनोबल को कमजोर नहीं कर सकते।
गौरतलब है कि खैबर पख्तूनख्वा लंबे समय से आतंकवादी हिंसा,अफगानिस्तान सीमा से घुसपैठ और सैन्य अभियानों के कारण अशांत बना हुआ है। पिछले सप्ताह भी दक्षिण वजीरिस्तान में विस्फोटकों से भरे वाहन में सवार एक संदिग्ध आतंकी को सुरक्षा बलों ने मार गिराया था। पाकिस्तान सरकार अक्सर प्रतिबंधित संगठन तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान पर ऐसे हमलों का आरोप लगाती रही है, हालांकि इस ताजा हमले की जिम्मेदारी अब तक किसी संगठन ने नहीं ली है।
