Mass Death in Pakistan: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बच्चों और महिलाओं समेत एक परिवार के 11 सदस्य अपने घर में मृत पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी, पुलिस के अनुसार, शव खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले के तख्ती ख़ेल शहर में स्थित एक घर में मिले।पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घटना से संबंधित सबूत इकट्ठा करने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी।
परिवार के मृत सदस्यों में दो भाई, उनके बच्चे और उनके घर आया एक मेहमान शामिल हैं बताते हैं कि इस घटना की जानकारी परिवार के सदस्य के घर आने के बाद लगी।
स्थानीय पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इन लोगों की मौत दो दिन पहले विषाक्त पदार्थ मिला भोजन खाने से हुई।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के एक रिश्तेदार ने कथित तौर पर दो दिन पहले वजीरिस्तान से भोजन खरीदा था।
वहीं, स्थानीय सूत्रों ने दावा किया कि किसी घरेलू विवाद के कारण यह घटना हुई है। प्रांत के कार्यवाहक मुख्यमंत्री न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरशद हुसैन ने पुलिस महानिरीक्षक से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।
