दुनिया

बांग्लादेश के रिसॉर्ट में भीषण आग, 10 लोगों की मौत, एक ही परिवार के छह सदस्य मारे गए

बांग्लादेश के रिसॉर्ट में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। आग कैसे लगी अभी इसका पता नहीं चल पाया है, पुलिस जांच में जुटी हुई है।

Image

बांग्लादेश के रिसॉर्ट में भीषण आग

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार जिले में शनिवार सुबह समुद्र तट के पास स्थित एक रिसॉर्ट में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 10 लोगों के मरने की खबर आई है, वहीं कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस और घायल हो गए हैं। वहीं, यह भी सामने आया है कि मृतकों में एक ही परिवार के छह लोग शामिल हैं।

बांग्लादेश पुलिस के अधिकारियों ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग सुबह करीब 7:25 बजे उखिया इलाके में स्थित टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट में लगी। बता दें कि रिसॉर्ट की तीन मंजिला इमारत में ज्यादातर बांस और लकड़ी का इस्तेमाल किया गया था, इस कारण आग बहुत तेजी से फैली और पूरी इमारत जलकर खाक हो गई। वहीं अब तक मृतकों में से छह की पहचान की जा सकी है। जहां यह हादसा हुआ वह जगह बांग्लादेश की राजधानी ढाका से करीब 410 किलोमीटर दूर है।

एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत

स्थानीय समाचार पत्र ‘प्रोथोम आलो’ की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में इसरत जहां मलिहा (30), मिलिता मेहेजाबीन अल्वी (23), लैला जहां नबीला (27), नफिस्ता मीम (27), फरिहा कबीर (33) और पांच वर्षीय फैजान अहमद शामिल हैं। इन सभी की पहचान कॉक्स बाजार सदर अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर के हवाले से की गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक अशिकुल इस्लाम अपने परिवार के साथ रिसॉर्ट में छुट्टियां मनाने आए थे। आग लगने के दौरान उन्होंने दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।लेकिन उनकी पत्नी इसरत जहां मलिहा और परिवार के पांच अन्य सदस्य नहीं बच सके। हादसे में उनकी मौत हो गई। अशिकुल के भाई ने इस बारे में जानकारी दी है। वहीं, अग्निशमन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के मुख्यालय ने पुष्टि की है कि घटनास्थल से 10 शव बरामद किए गए हैं।

नौ घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

वहीं, हादसे में घायल नौ लोगों को कॉक्स बाजार सदर अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर सबुक्तागिन महमूद सोहेल ने बताया कि पांच घायलों के शरीर का करीब पांच प्रतिशत हिस्सा आग से झुलस गया है। उन्होंने बताया कि इन पांच घायलों का डॉक्टरों की एक टीम इलाज कर रही है, जबकि बाकी चार लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

रिसॉर्ट के पास नहीं था अग्नि सुरक्षा लाइसेंस

हादसे के बाद रिसॉर्ट में फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि रिसॉर्ट के पास फायर सेफ्टी लाइसेंस भी नहीं था। अग्निशमन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के निदेशक सुल्तानुल अफरीन जुनैद ने बताया कि लापरवाही को लेकर जून में ही उसे चेतावनी भी दी गई थी।

आग लगने के समय करीब 30 लोग थे मौजूद

आग लगने के समय रिसॉर्ट में करीब 30 लोग मौजूद थे। इनमें से चार से पांच लोग किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे। हालांकि, बाकी लोगों के ठिकाने और उनकी स्थिति के बारे में तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।

रसोई से आग लगने की आशंका, जांच जारी

कॉक्स बाजार के डिप्टी कमिश्नर ए. मन्नान ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आशंका है कि आग रिसॉर्ट की रसोई से शुरू हुई होगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article