दुनिया

दिल्ली के बाद लंदन में CEC के खिलाफ ध्रुव राठी का प्रदर्शन, गांधी प्रतिमा के पास एकजुट हुए सैकड़ों छात्र; जमकर की नारेबाजी

CEC Row: लंदन में सीईसी ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ सैकड़ों लोग महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास एकजुट हुए और जमकर नारेबाजी की।

Image

लंदन में यूट्यूबर ध्रुव राठी का प्रदर्शन (फोटो साभार: @dhruv_rathee)

Photo : Twitter

CEC Row: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस और ब्रिटेन स्थित भारतीय छात्र संगठनों द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन में शनिवार को लंदन के 'पार्लियामेंट स्क्वायर' में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास सैकड़ों लोग जुटे।

प्रदर्शन में ध्रुव राठी भी हुए शामिल

'स्टॉप वोट चोरी' प्रदर्शन में यूट्यूबर ध्रुव राठी के मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचने पर लोगों ने उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं, गांधी प्रतिमा के दूसरी ओर एक छोटे समूह ने 'मोदी, मोदी' के नारे लगाए।

मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अधिकारियों ने दोनों समूहों को अलग रखा। दोनों समूहों के बीच तनाव बढ़ने लगा, क्योंकि वे एक-दूसरे के नारों की आवाज को दबाने के लिए और तेज नारेबाजी की कोशिश कर रहे थे। राठी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ''हम विदेशी हस्तक्षेप नहीं चाहते। मैं यहां पार्लियामेंट स्क्वायर में भारतीयों और प्रवासी भारतीयों को संबोधित करने आया हूं।''

'इंकलाब जिंदाबाद के लगे नारे'

उन्होंने कहा, ''हमारे देश में 'वोट चोरी' के खिलाफ संदेश फैलाना महत्वपूर्ण है। ये प्रदर्शन तब रुकेंगे, जब मुख्य निर्वाचन आयुक्त की जगह ऐसे उम्मीदवार को नियुक्त किया जाएगा, जिस पर सरकार और नेता प्रतिपक्ष की सहमति हो।'' राठी के संबोधन से पहले 'इंकलाब जिंदाबाद' और 'वंदे मातरम' के नारे लगाए गए तथा भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़ी गई।

इस प्रदर्शन का आयोजन इंडियन ओवरसीज कांग्रेस की युवा शाखा ने किया था। इसे 'सेव डेमोक्रेसी', स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की ब्रिटेन इकाई और साउथ एशिया सॉलिडेरिटी ग्रुप समेत प्रवासी भारतीयों के कई संगठनों का समर्थन प्राप्त था।

इस बीच, इंडिया डायस्पोरा (ID), यूके ने जवाबी प्रदर्शन के लिए 'लंदन के सभी भारत प्रेमी लोगों से अपील' जारी की थी। आईडी-यूके के संस्थापक हृदेश गुप्ता ने कहा, ''ब्रिटेन में भारतीय प्रवासी समुदाय एक मजबूत, एकजुट और विकसित भारत के दृष्टिकोण में (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी और उनकी सरकार के साथ मजबूती से खड़ा है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article