पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान से एक चौंका देने वाली घटना सामने आ रही है। अज्ञात बंदूकधारियों ने क्वेटा कराची हाईवे पर पुलिस अकादमी की बस को रोक लिया और उसमें सवार 20 ट्रेनी अधिकारियों को अगवा कर लिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सर्च ऑपरेशन लॉन्च
घटना के बाद सुरक्षाबलों ने अगवा किए गए अधिकारियों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, ट्रेनी अधिकारी बलूचिस्तान के कलात जिले स्थित एक पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में ट्रेनिंग ले रहे थे।
बंदूकधारियों ने बस ड्राइवर को वाहन अपने साथ ले जाने के लिए मजबूर किया बाद में उन्होंने ड्राइवर और बस में सवार तीन अन्य नागरिकों को छोड़ दिया, लेकिन 20 ट्रेनी अधिकारियों को अपने साथ ले गए। फिलहाल किसी संगठन ने इस अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली।
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब पाकिस्तानी सुरक्षा बल बलूचिस्तान में प्रतिबंधित अलगाववादी संगठनों और प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के खिलाफ खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान चला रहे हैं।
आतंकियों ने पुलिस चौकी पर किया था हमला
अशांत बलूचिस्तान से अक्सर ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं। इसी साल जुलाई में आतंकवादियों ने प्रांत में कम से कम तीन जगहों पर हमले किए। जियारत के मांगी डैम इलाके में पुलिस चौकी पर हुए हमले में 27 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। आतंकवादियों ने पहले चौकी पर तैनात 9 पुलिसकर्मियों की हत्या की और इसके बाद 18 अन्य को अगवा कर लिया। बाद में इन सभी के शव जियारत के पास जरघून गर के पहाड़ी इलाके में मिले थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के स्कूल में मौत की नींद सो गईं 35 जिंदगियां, मालिक व ठेकेदार के नाम FIR दर्ज; हादसे की जांच शुरू
पिछले महीने भी सुरक्षा बलों ने कलात में एक राजमार्ग चौकी से 23 लोगों का अपहरण करने वाले पांच आतंकवादियों को मार गिराया था। इस अभियान के दौरान सभी बंधकों को सुरक्षित बचा लिया गया था।
