How to make Amla pickle in Winters: सर्दियों में बाजार में ताजा आंवला आते ही लोग इसे खाने के नए-नए तरीके तलाशे जाने लगते हैं। कोई इसका मुरब्बा बनाता है, कोई चटनी तो कोई अचार। वहीं अगर आपको खट्टे-तीखे स्वाद का शौक है तो इस बार आंवला ठेचा अचार जरूर ट्राई कर सकते हैं। इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए अचार को कई दिनों तक धूप में रखने की जरूरत नहीं पड़ती। आंवला, हरी मिर्च, अदरक और कुछ मसालों से यह चटपटा अचार घर पर आसानी से तैयार हो जाता है।
आंवला ठेचा अचार के लिए क्या चाहिए? (Amla thecha pickle ingredients)
इस रेसिपी के लिए करीब 200 ग्राम आंवला, 50 ग्राम हरी मिर्च और 50 ग्राम अदरक लें। मसालों में एक बड़ा चम्मच सौंफ, एक बड़ा चम्मच पीली सरसों, एक छोटा चम्मच मेथी दाना, जीरा, अजवाइन और काली मिर्च चाहिए। इसके अलावा नमक, काला नमक, हल्दी, लाल मिर्च, हींग, कलौंजी और करीब आधा कप सरसों का तेल इस्तेमाल होगा। लंबे समय तक रखने के लिए दो बड़े चम्मच सिरका भी डाला जा सकता है।
आंवला ठेचा अचार बनाने की रेसिपी (Amla thecha pickle recipe)
आंवले, हरी मिर्च और अदरक को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। आंवले के बीज निकालकर छोटे टुकड़े कर लें। हरी मिर्च और अदरक को भी काट लें। अब इन तीनों को मिक्सर में डालकर दरदरा पीसें। इसे बिल्कुल बारीक पेस्ट बनाने की जरूरत नहीं है। ठेचा की असली खूबी ही उसके हल्के दरदरे टेक्सचर में होती है।
अब एक पैन गर्म करके उसमें सौंफ, सरसों, मेथी दाना, जीरा, अजवाइन और काली मिर्च डालें। इन्हें धीमी आंच पर हल्का भूनें। मसालों से खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें और उन्हें ठंडा होने दें। इसके बाद इन्हें दरदरा पीस लें। इस तरह भुने मसालों की खुशबू अचार में ज्यादा अच्छी तरह आएगी।
इसके बाद कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। इसमें हींग और कलौंजी डालें। इसके बाद आंवला, हरी मिर्च और अदरक का दरदरा मिश्रण डालकर धीमी से मध्यम आंच पर करीब 5 मिनट पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि मिश्रण की अतिरिक्त नमी निकल जाए।
अब इसमें काला नमक, हल्दी, लाल मिर्च और भुना हुआ मसाला डालकर अच्छी तरह मिला दें। कुछ देर पकाने के बाद गैस बंद कर दें। अचार को ठंडा होने दें।
बिना धूप के बन जाएगा ये अचार
इस अचार की सबसे आसान बात यही है कि इसे तैयार करने के लिए कई दिनों तक धूप का इंतजार नहीं करना पड़ता। पूरी तरह ठंडा होने के बाद इसे साफ और सूखे कांच के जार में भरें। अगर इसे लंबे समय तक रखना चाहते हैं तो ठंडा होने के बाद सिरका मिलाया जा सकता है। जार और चम्मच में नमी नहीं होनी चाहिए।
गरम पराठे, पूरी, दाल-चावल या साधारण रोटी के साथ यह खट्टा-तीखा आंवला ठेचा खाने का स्वाद बदल सकता है। सर्दियों में जब ताजा आंवला आसानी से मिल रहा हो, तो पारंपरिक अचार से अलग यह झटपट रेसिपी एक बार जरूर आजमाई जा सकती है।
