बिजनेस

8th Pay Commission : अगर मान ली FNPO की मांग, खटाखट होगा इन केंद्रीय कर्मचारियों का प्रमोशन

8वें वेतन आयोग के सामने फिलहाल तमाम हितधारक अपना पक्ष रख रहे हैं। फिलहाल, FNPO ने आयोग को एक पत्र लिखकर प्रमेाशन में चली आ रही विसंगतियों को खत्म करने की मांग की है।

Image

आयोग के सामने रखी प्रमोशन की विसंगतियां दूर करने की मांग

8th Pay Commission FNPO Promotion Demand : केंद्रीय कर्मचारियों के लिए 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) से एक और बड़ी मांग की गई है। इस बार मामला सैलरी या पेंशन बढ़ाने का नहीं, बल्कि प्रमोशन के इंतजार को कम करने का है। कर्मचारी संगठन फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गनाइजेशंस (FNPO) ने प्रमोशन के लिए जरूरी न्यूनतम सेवा अवधि में बदलाव की मांग की है। संगठन चाहता है कि केंद्रीय कर्मचारियों को प्रमोशन के लिए मौजूदा नियमों के तहत 8 से 12 साल तक इंतजार न करना पड़े। इसके लिए प्रमोशन की न्यूनतम अर्हता सेवा अवधि को घटाकर 1 से 4 साल के बीच रखने का प्रस्ताव दिया गया है।

अगर 8वां वेतन आयोग इस मांग की सिफारिश करता है और सरकार इसे लागू करती है, तो अलग-अलग पे लेवल पर काम करने वाले केंद्रीय कर्मचारियों के लिए प्रमोशन का रास्ता आसान हो सकता है। खासकर उन कर्मचारियों को राहत मिल सकती है, जिन्हें एक पद से दूसरे पद पर जाने के लिए कई साल तक इंतजार करना पड़ता है।

8वें वेतन आयोग को FNPO ने क्यों लिखी चिट्ठी?

फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गनाइजेशंस (FNPO) ने 20 नवंबर 2026 को 8वें वेतन आयोग की चेयरपर्सन जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई को पत्र लिखा है। संगठन के महासचिव शिवाजी वासिरेड्डी ने इस पत्र में केंद्रीय कर्मचारियों के प्रमोशन के लिए तय न्यूनतम अर्हता सेवा अवधि की व्यापक समीक्षा करने की मांग की है। FNPO के मुताबिक, डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल एंड ट्रेनिंग (DoPT) ने 20 सितंबर 2022 के ऑफिस मेमोरेंडम (OM) के जरिए अलग-अलग पे लेवल पर प्रमोशन के लिए न्यूनतम सेवा अवधि तय की थी। संगठन का कहना है कि इन नियमों में काफी अंतर है। कुछ प्रमोशन के लिए कर्मचारियों को केवल 1, 2 या 3 साल की सेवा की जरूरत होती है, जबकि कई दूसरे प्रमोशन के लिए 8 से 12 साल तक की न्यूनतम सेवा अनिवार्य है। संगठन का तर्क है कि इस तरह के अंतर से कर्मचारियों के बीच प्रमोशन के अवसरों में असमानता पैदा होती है और उनका करियर प्रभावित होता है।

किसी प्रमोशन के लिए 12 साल, तो कहीं सिर्फ 1 साल का नियम

FNPO ने अपने पत्र में DoPT के सितंबर 2022 के आदेश का हवाला देते हुए उन प्रमोशन की जानकारी दी है, जिनके लिए कर्मचारियों को लंबी न्यूनतम सेवा अवधि पूरी करनी पड़ती है।

प्रमोशन का स्तरन्यूनतम अर्हता सेवा
Level 2 से Level 48 साल
Level 4 से Level 610 साल
Level 5 से Level 66 साल
Level 6 से Level 86 साल
Level 6 से Level 98 साल
Level 6 से Level 1010 साल
Level 6 से Level 1112 साल
Level 7 से Level 119 साल
Level 9 से Level 117 साल
Level 11 से Level 1310 साल
FNPO का कहना है कि इसी व्यवस्था में कुछ दूसरे प्रमोशन के लिए केवल 1, 2 या 3 साल की अर्हता सेवा निर्धारित है। ऐसे में समान या तुलनीय पे लेवल पर काम करने वाले कर्मचारियों के प्रमोशन के अवसरों में काफी अंतर आ जाता है।

प्रमोशन के लिए 1 से 4 साल की सेवा का प्रस्ताव

FNPO ने 8वें वेतन आयोग से मांग की है कि प्रमोशन के लिए न्यूनतम अर्हता सेवा अवधि का एक समान और तर्कसंगत ढांचा बनाया जाए। इसके तहत अलग-अलग विभागों और कैडर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए न्यूनतम सेवा अवधि 1 साल और अधिकतम 4 साल रखी जाए। संगठन ने यह भी कहा है कि सभी विभागों पर एक जैसा नियम थोपने के बजाय काम की प्रकृति, जिम्मेदारी, कैडर की संरचना और संबंधित पद की जरूरत के हिसाब से कुछ बदलाव की छूट दी जा सकती है।

प्रमोशन में देरी से खाली पड़े हैं कई पद

FNPO ने अपनी मांग के समर्थन में खासतौर पर डिपार्टमेंट ऑफ पोस्ट यानी डाक विभाग की स्थिति का जिक्र किया है। संगठन के मुताबिक, प्रमोशन के लिए लंबी अर्हता सेवा अवधि होने के कारण विभाग में कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। इनमें लोअर सिलेक्शन ग्रेड (LSG), हायर सिलेक्शन ग्रेड-II (HSG-II), हायर सिलेक्शन ग्रेड-I (HSG-I), HSG-I नॉन-फंक्शनल ग्रेड, पोस्टल और RMS प्रतिष्ठानों के सुपरवाइजरी एवं मैनेजेरियल पद शामिल हैं। इसके अलावा सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पोस्ट ऑफिस और ग्रुप-B के प्रशासनिक पदों के साथ डायरेक्टर स्तर के कुछ पदों पर भी प्रमोशन में देरी की समस्या बताई गई है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article