पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। कोलकाता पुलिस की ऑर्गनाइज्ड साइबर क्राइम सेक्शन ने शहर और आसपास के इलाकों में सक्रिय एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की टीमों ने कई फर्जी कॉल सेंटरों पर एक साथ छापेमारी कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि ये कॉल सेंटर मुख्य रूप से अमेरिका और ब्रिटेन में रहने वाले बुजुर्ग नागरिकों को अपना शिकार बनाते थे और उन्हें तकनीकी सहायता या विभिन्न सेवाओं के नाम पर झांसा देकर लाखों रुपये की चपत लगाते थे।
60 से अधिक डिजिटल डिवाइस और 20 लाख रुपये नकद बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को फर्जी कॉल सेंटरों से बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वित्तीय दस्तावेज मिले हैं। पुलिस द्वारा की गई जब्ती में शामिल हैं। 60 से अधिक लैपटॉप, कंप्यूटर और मोबाइल फोन। बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय कॉलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले VoIP उपकरण और फर्जी सिम कार्ड। करीब 20 लाख रुपये कैश, कई बैंक खातों से जुड़े चेकबुक, पासबुक और वित्तीय दस्तावेज।
अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और मनी ट्रेल की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह विदेशों में रहने वाले बुजुर्गों को निशाना बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और कॉलिंग रूट का इस्तेमाल करता था ताकि उनकी पहचान छिपी रहे। कोलकाता पुलिस ने कहा है कि जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, कंप्यूटरों के हार्ड डिस्क और बैंक दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। हमारा मुख्य उद्देश्य इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों, हवाला लेनदेन और गिरोह के मुख्य सरगना तक पहुंचना है। आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां संभव हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी 20 गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
