Viral Video: प्राइम वीडियो के पंचायत सीजन 3 को अब तक करोड़ों लोगों का प्यार मिल चुका है। ग्रामीण परिदृश्य और राजनीति से लबरेज के साथ इस वेब सीरीज ने सोशल मीडिया पर तहलका मचाया हुआ है। सचिव जी और रिंकी के स्वीट सीन से लेकर बनराकास की 'अलुआ मीटिंग' तक इंटरनेट पर एक-एक मीम पर लोग खूब ठहाके भी लगा रहे हैं। इसी बीच मुंबई के गायक पलाश श्रीवास्तव का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है जिसमें वे पंचायत वेब सीरीज के थीम म्यूजिक पर लिखे अपने गाने को गाते हुए दिख रहे हैं। अपने गाने में पलाश श्रीवास्तव ने सीरीज के मुख्य किरदार और उनके व्यक्तित्व को बताया है।
कैसे हैं गाने के बोल
वीडियो के बोल इस प्रकार हैं-
''इस गांव का नाम है फुलेरा
हैं यहां प्रधान और प्रह्लाद चा
सचिव जी हैं हमारे नायक, इनकी आँखों में हैं सपने
विकास उनके हैं सहायक
मंजू देवी भी प्रधान, सचिव जी ने सिखाया पूरा राष्ट्र गान
बनराकस है और विनोद भी, जिनके कारण होती नोकझोंक भी
पूरब है पश्चिम है, सर चढ़ा विधायक है, रिंकिया टंकी पे चढ़ी,
लौकी है नौटंकी है गजब बेज्जती भी।''
वीडियो को शेयर करते हुए पलाश श्रीवास्तव ने लिखा, 'पंचायत की प्रतिष्ठित थीम पर गीतात्मक ट्विस्ट के साथ मेरी राय।
यूजर्स को पसंद आया वीडियो
इस वीडियो को अब तक तीन मिलियन से ज़्यादा बार देखा जा चुका है। सोशल मीडिया यूज़र्स ने इस पर कई प्रतिक्रियाएं दीं। इस वीडियो ने प्राइम वीडियो इंडिया का भी ध्यान खींचा जिसने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'इसे लूप पर सुन रहा हूँ।' एक अन्य यूज़र ने टिप्पणी की, 'यह बिल्कुल पसंद आया।' बता दें कि, पंचायत सीरीज में जितेन्द्र कुमार, नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, चंदन रॉय, फैजल मलिक, दुर्गेश कुमार, अशोक पाठक, सुनीता राजवार, पंकज झा और संविका ने अभिनय किया है। जिनकी एक्टिंग को लोगों ने काफी पसंद किया है।
