वायरल न्यूज़

Viral Video: माता वैष्णो देवी के दरबार में मिला 5 साल पहले बिछड़ा भाई, भीख मांगकर कर रहा था गुजारा

सोशल मीडिया पर एक भावुक कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक बहन को 5 साल पहले उसका बिछड़ा हुआ भाई वैष्णो देवी के दरबार में मिला।

Image

माता के दरबार में मिले 5 साल पहले बिछड़े भाई-बहन (Instagram/TimesNowNavbharat)

कई बार लोगों के जीवन में ऐसे पल भी आते हैं जो उन्हें चमत्कार पर यकीन दिला देते हैं। हाल ही में कुछ ऐसा ही हुआ एक बहन के साथ, जिसे 5 साल पहले खोया हुआ भाई माता वैष्णो देवी के दरबार में मिला। उस बहन के लिए सच में यह किसी चमत्कार से कम नहीं था। माता रानी की कृपा से उसके जीवन में ऐसे संयोग बने कि वह वैष्णो देवी के दरबार दर्शन को पहुंची और मां ने उसका खोया हुआ भाई उसे वापस लौटा दिया। भाई-बहन के पुनर्मिलन का एक वीडियो (Video) भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को सोशल मीडिया के लगभग सभी प्लेटफॉर्म्स पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है।

5 साल पहले बिछड़ गया था लड़की का छोटा भाई

वायरल वीडियो (Viral Video) में बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले एक लड़की का छोटा भाई अचानक गुम हो गया था। परिवार के लोगों ने उसे खोजने की पूरी कोशिश की लेकिन वह नहीं मिला। धीरे-धीरे समय बीतता गया और उम्मीदें कम होती गईं। मगर उस भाई के लिए बहन हर रोज माता रानी से प्रार्थना करती और अपने भाई के लौटने और उसकी सलामती की दुआ मांगती। फिर एक दिन वह बहन वैष्णो देवी यात्रा पर निकली। बहन के दिल में मां के लिए भक्ति तो थी ही, साथ में एक अर्जी भी थी कि काश उसका भाई लौट आता।

माता रानी के दरबार में मिला लड़की का भाई

लड़की त्रिकूटा पहाड़ की चढ़ाई करते हुए मंदिर पहुंची। श्रद्धालुओं की भीड़ में वह माता के दर्शन को जा ही रही थी कि एकाएक उसकी नजर एक युवक पर पड़ी। जो मंदिर के आसपास भिखारी की तरह बैठा था। उसके कपड़े फटे-पुराने थे और चेहरे पर थकान साफ झलक रही थी। लड़की ने उस युवक को गौर से देखा और जासे ही वह युवक के पास गई, धीरे-धीरे उसका दिल जोरों से धड़कने लगा। जब लड़की ने गौर से उस युवक को देखा तो पाया कि यह उसका खोया हुआ ही भाई था। जो उससे 5 साल पहले बिछड़ गया था।

भाई को देख भर आईं बहन की आंखें

भाई की ऐसी हालत देख उस बहन की आंखें भर आईं। भाई भी उसे पहचान गया और दोनों एक दूसरे से लिपटकर रोने लगे। वीडियो में आप उन दोनों के पुनर्मिलन को देख सकते हैं। आसपास खड़े लोग भी इस नजारे को देखकर भावुक हो गए। लोग तुरंत इस नजारे को अपने फोन में कैद करने लगे। इस वीडियो को देखने वाले हर किसी की आंखें नम हो गईं। लोग वीडियो पर कमेंट कर “जय माता दी" लिख रहे हैं। वहीं कुछ लोगों ने लिखा कि, "सच्ची श्रद्धा कभी व्यर्थ नहीं जाती।”

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article