Nita Ambani Viral Video: भारत के मशहूर उद्योगपति की पत्नी नीता अंबानी ने सोमवार को वाराणसी की एक स्थानीय चाट की दुकान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कई लोकल स्ट्रीट फूड का स्वाद चखा। रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष इससे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। पूजा के दौरान उन्होंने बेटे अनंत अंबानी की शादी का पहला निमंत्रण पत्र बाबा विश्वनाथ के चरणों में अर्पित किया। नीता अंबानी को वाराणसी में चाट की दुकान पर दुकानदारों से बातचीत करते हुए देखा गया। यहां पर दुकान के कई लोग उनको बेहतरीन व्यंजन परोस रहे थे। उन्हें परोसे गए व्यंजनों में से एक आलू चाट भी थी। कहा जा रहा है कि, इस दौरान उन्होंने दुकानदार से चाट की रेसिपी भी पूछी थी।
काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने से पहले नीता अंबानी ने कहा कि, 'आज मैं अनंत और राधिका की शादी का निमंत्रण लेकर आई हूं।' बता दें कि नीता अंबानी वाराणसी में डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के साथ थीं। वह गंगा आरती में भी शामिल हुईं, जो गंगा नदी के तट पर होने वाली एक दैनिक संध्याकालीन रस्म है। गौरतलब है कि, अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट 12 जुलाई को मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में जियो वर्ल्ड सेंटर में शादी के बंधन में बंधेंगे। राधिका मर्चेंट उद्योगपति वीरेन मर्चेंट और शैला मर्चेंट की बेटी हैं। अनंत और राधिका की शादी का जश्न तीन दिनों तक चलेगा।
हाल ही में, अंबानी परिवार ने भूमध्य सागर में एक लक्जरी क्रूज पर अपने दोस्तों और परिवार के लिए एक भव्य प्री-वेडिंग समारोह का आयोजन किया। इटली और फ्रांस में चार दिवसीय समारोह में बॉलीवुड की सबसे बड़ी हस्तियां शरीक हुई थीं। अंबानी परिवार ने मार्च में गुजरात के जामनगर में अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के लिए प्री-वेडिंग समारोह का पहला सत्र भी आयोजित किया था।
