Viral Video: सोशल मीडिया एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां पर हर दिन कई तरह के वीडियो देखने को मिलते हैं। इस समय भी यहां पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। बता दें कि अमेरिका में काम करने वाले एक भारतीय युवक की सोशल मीडिया पोस्ट इन दिनों लोगों का दिल जीत रही है। इस पोस्ट में उसने अपनी मां को अपने ऑफिस घुमाने का प्यारा सा अनुभव शेयर किया है। बेटे का मां के प्रति इतना आदर भाव देखकर लोग काफी भावुक हो रहे हैं। इस युवक का नाम चंद्रन थंगराज है। उन्होंने अपनी मां के साथ बिताए खास पलों का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला।
मां का चेहरा खुशी से चमक उठा
वीडियो में उनकी मां साड़ी पहनकर एक बड़ी और आधुनिक ऑफिस बिल्डिंग के बाहर खड़ी नजर आती हैं। चंद्रन ने कैप्शन में लिखा, “अम्मा के साथ ऑफिस टूर।” ऑफिस के अंदर जाते ही मां का चेहरा खुशी से चमक उठता है। वीडियो में दिखता है कि मां ऑफिस की कैंटीन में बैठकर नाश्ता कर रही हैं। वह कॉफी मशीन से कॉफी लेती हैं और आराम से उसका मजा लेती हैं। इसके बाद वह ऑफिस के गलियारों में घूमती हैं, चारों तरफ देखती हैं और बेटे के काम की जगह को समझने की कोशिश करती हैं।
सोशल मीडिया पर लोग वीडियो को कर रहे खूब पसंद
चंद्रन की मां ऑफिस के माहौल को देखकर काफी खुश नजर आती हैं। उनके चेहरे पर गर्व साफ दिखाई देता है। बेटे ने भी बड़े प्यार से उन्हें हर जगह दिखाया और समझाया कि वह यहां कैसे काम करता है। यह पल सिर्फ घूमने का नहीं था, बल्कि एक मां को बेटे की मेहनत और सफलता से जोड़ने का तरीका था। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि हर बेटे को अपनी मां को अपने काम और दुनिया से ऐसे ही जोड़ना चाहिए।
यह वीडियो सिर्फ अमेरिका की नौकरी नहीं दिखाता, बल्कि मां-बेटे के प्यार, सम्मान और संस्कारों की कहानी भी बताता है। यह पोस्ट हमें सिखाती है कि सफलता तभी पूरी होती है, जब उसमें परिवार की खुशी भी शामिल हो। चंद्रन ने अपनी मां को ऑफिस बुलाकर यह साबित कर दिया कि मां के लिए बेटे की दुनिया देखना सबसे बड़ी खुशी होती है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
