शहर

दिवाली से पहले नोएडा में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, BigBasket, Blinkit और Zepto समेत 16 स्टोरों को थमाया नोटिस

Noida Food Department Raid: दिवाली से पहले गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिग बास्केट, ब्लिंकिट, जेप्टो और अन्य ऑनलाइन डिलीवरी स्टोरों समेत 18 प्रतिष्ठानों की जांच की। साफ-सफाई में कमी और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर 16 स्टोरों को सुधार नोटिस जारी किए गए।

Image

नोएडा खाद्य विभाग की छापेमारी

Photo : Times Now Digital

Noida Food Department Raid: दिवाली के त्योहार से पहले मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। विभाग की अलग-अलग टीमों ने 24 और 25 अक्टूबर को ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के 18 वेयरहाउस और स्टोरों पर छापेमारी कर जांच की।

इस दौरान साफ-सफाई में कमी और जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं होने पर 16 स्टोरों को सुधार नोटिस जारी किए गए। वहीं, पनीर, मूंगफली के दाने और तिल के तेल के तीन नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

जोमैटो हाइपरमार्ट में भी विभाग ने की कार्रवाई

जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 स्थित बिग बास्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने और आवश्यक अभिलेख मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सुधार नोटिस जारी किए गए। जोमैटो हाइपरमार्ट में भी कमियां मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की।

दादरी स्थित स्विगी और जोमैटो हाइपरमार्ट की भी जांच की गई। जोमैटो हाइपरमार्ट से पनीर का नमूना लिया गया। इसके अलावा साफ-सफाई में कमी और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर नोटिस जारी किया गया।

ब्लिंकिट स्टोरों को मिला सुधार का नोटिस

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने सूरजपुर, बीटा-1 ग्रेटर नोएडा और नोएडा के सेक्टर-62 स्थित ब्लिंकिट स्टोरों की भी जांच की। इन स्टोरों पर साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं मिलने और आवश्यक अभिलेख समय पर प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सुधार नोटिस दिए गए। सूरजपुर स्थित ब्लिंकिट स्टोर से मूंगफली के दाने का नमूना लिया गया।

इसी तरह ग्रेटर नोएडा के मथुरापुर स्थित पीजे टीजे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर से तिल के तेल का नमूना संग्रहित किया गया। तीनों नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

इनको भी मिला नोटिस

नोएडा के सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर के निरीक्षण के दौरान कोल्ड रूम में गंदगी और अव्यवस्था मिली। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने आवश्यक सुधार होने तक कोल्ड रूम का संचालन बंद करा दिया। मौके पर जरूरी अभिलेख उपलब्ध नहीं होने के कारण स्टोर को सुधार नोटिस भी जारी किया गया।

इसके अलावा पी-1 ग्रेटर नोएडा स्थित जियोमार्ट, पी-3 स्थित केवी एंटरप्राइजेज और जेप्टो स्टोर, इटहेरा के इकोटेक-4 स्थित ए एंड डी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर-128 नोएडा स्थित पीवाईडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड (स्विगी स्टोर), शाहदरा नोएडा स्थित जेप्टो डार्क स्टोर और तुगलपुर स्थित अमेजन स्टोर की भी जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान कई स्टोरों पर कामगारों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थों को स्टोर से निर्धारित समय से पहले हटाने से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जैसे जरूरी दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक सुधार करने और सभी दस्तावेज स्टोर पर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही खाद्य सामग्री प्राप्त की जाए और उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाए। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर दिवाली के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। अभियान के तहत खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि जनपद के लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article