वायरल न्यूज़

Viral Video: आसमान में एक साथ दिखे चार चांद! रूस से सामने आया हैरान कर देने वाला वीडियो, दुर्लभ नजारा देख लोग हैरान

Viral Video: रूस के सेंट पीटर्सबर्ग और मॉस्को के आसमान में एक दुर्लभ घटना देखने को मिली, जहां लोगों को एक नहीं बल्कि कई चांद नजर आए। इस वायरल वीडियो ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी। असल में यह पैरासेलेन नाम का ऑप्टिकल भ्रम होता है, जिसमें चांद की रोशनी वातावरण में मौजूद बर्फ के कणों से टकराकर कई चांद जैसी आकृतियां बना देती है।

Image

रूस के आसमान में दिखा दुर्लभ नजारा, देखें Viral Video (फोटो: X/@nexta_tv)

Viral Video: रूस के सेंट पीटर्सबर्ग शहर के आसमान में हाल ही में एक बेहद दुर्लभ और खूबसूरत नज़ारा देखने को मिला, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। रात के समय आकाश में एक नहीं, बल्कि चार-चार चांद दिखाई देने लगे। इस अनोखे दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोग समझ नहीं पाए कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है। रूसी मीडिया चैनल RT ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “रूस के सेंट पीटर्सबर्ग के ऊपर चार चांद दिखाई दिए।” साथ में एक वीडियो भी शेयर किया गया, जिसमें साफ नजर आ रहा था कि आसमान में चमकते हुए चार चांद जैसे आकार मौजूद हैं।

वीडियो देखते ही लोग हैरान रह गए और कमेंट सेक्शन में सवालों की बाढ़ आ गई। इसके बाद ईस्टर्न यूरोप की मीडिया संस्था Nexta TV ने भी जानकारी दी कि मॉस्को और उसके आसपास के इलाकों में रात के समय एक दुर्लभ घटना देखी गई है, जिसे पैरासेलेन (Paraselene) कहा जाता है। यही वजह है कि लोगों को कई चांद दिखाई दिए। दरअसल, पैरासेलेन कोई असली चांद नहीं होते, बल्कि यह एक तरह का ऑप्टिकल भ्रम होता है। इसमें असली चांद के साथ-साथ उसके दोनों तरफ चमकीले धब्बे बन जाते हैं, जो देखने में छोटे-छोटे चांद जैसे लगते हैं। इस वजह से ऐसा लगता है मानो आसमान में एक से ज्यादा चांद मौजूद हों।

विशेषज्ञों ने वीडियो की बताई असली सच्चाई

विशेषज्ञों के अनुसार, यह घटना तब होती है जब चांद की रोशनी पृथ्वी के ऊपरी वातावरण में मौजूद सपाट बर्फ के कणों यानी आइस क्रिस्टल्स से होकर गुजरती है। इन कणों से रोशनी मुड़ जाती है और अलग-अलग जगहों पर चमकदार प्रतिबिंब बन जाते हैं। यही प्रतिबिंब लोगों को “अतिरिक्त चांद” जैसे दिखाई देते हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस नजारे को देखकर दंग रह गए। कई यूजर्स ने मजाक में पूछा कि क्या आसमान में सच में चार चांद आ गए हैं।

कुछ लोगों ने AI टूल से भी इसके बारे में जानकारी मांगी ताकि सच्चाई पता चल सके। हालांकि बाद में साफ हो गया कि यह कोई रहस्यमयी घटना नहीं, बल्कि प्रकृति का एक खूबसूरत खेल है। पैरासेलेन बहुत कम देखने को मिलता है, इसलिए जब ऐसा होता है तो लोग हैरान रह जाते हैं। यह नजारा हमें याद दिलाता है कि प्रकृति समय-समय पर ऐसे अद्भुत दृश्य दिखाती है, जो इंसान को सोचने पर मजबूर कर देते हैं और आसमान की सुंदरता को और भी खास बना देते हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article