Firecrackers Burst on Moving Car: आजकल के युवा सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में कुछ भी करने को तैयार रहते हैं। इसी चक्कर में वह अजीबोगरीब और खतरनाक तरीके से वीडियो बनाकर इंटरनेट पर शेयर करते हैं। कई बार वह अपनी जान भी जोखिम में डाल लेते हैं। दिवाली के दिन कुछ युवाओं ने ऐसा ही करने की कोशिश की थी। जिसका अब उन्हें सबक मिला है। दरअसल, इन युवकों ने दिवाली के दिन सारे नियम-कानून को ताख पर रख चलती कार की छत पर चढ़कर पटाखे फोड़े थे और वीडियो बनाया था।
अहमदाबाद पुलिस ने अवारागर्दी करने वाले युवकों को सिखाया सबक
अब अहमदाबाद पुलिस ने आवारागर्दी करने वालों इन युवकों पर शिकंजा कसा है। अहमदाबाद पुलिस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया गया है। इस वीडियो में कई सारे युवक दिवाली की रात चलती कार की छत पर चढ़कर और ट्रैफिक रोककर आतिशबाजी करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वीडियो में ही ये युवक बीच सड़क पर उठक-बैठक करते नजर आ रहे हैं। अहमदाबाद पुलिस ने इस वीडियो के माध्यम से दिखाया कि कानून को ताक पर रखकर आतिशबाजी करने के बाद अगले दिन क्या हुआ? देखेंं वीडियो-
बता दें कि दिवाली की रात सिंधुभवन रोड पर कई सारे युवकों ने चलती कार में पटाखे फोड़े थे। इस दौरान ट्रैफिक को भी रोक दिया था। सोशल मीडिया पर इन युवकों का वीडियो वायरल हुआ तो अहमदाबाद पुलिस एक्शन में आई थी। वीडियो में एसयूवी के बोनट पर दो युवक बैठे नजर आ रहे हैं। उसके पीछे भी कई युवक कार की खिड़की से बाहर निकले दिखाई दे रहे हैं। सारे लोग कार के ऊपर पटाखे रखकर फोड़ते दिख रहे हैं। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (एक लोक सेवक द्वारा घोषित आदेश की अवज्ञा), 283 (किसी भी सार्वजनिक तरीके से या सार्वजनिक नेविगेशन की लाइन में किसी भी व्यक्ति को खतरा, बाधा या चोट पहुंचाने वाला कार्य) का उल्लेख किया था। पुलिस ने दहशत फैलाने वाले इन युवकों कड़ा सबक सिखाया है।
