Viral Video: बिहार की राजधानी पटना से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आ रहा है। इस वीडियो में एक महिला सिपाही बहादुरी की मिसाल पेश करती नजर आ रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पटना के दीघा घाट पर गंगा नदी में दो युवक अचानक डूबने लगे। घाट नंबर दो पर नहाते समय गार्ड बाबू और धनंजय कुमार नाम के दो युवक नदी में उतरकर स्नान कर रहे थे। अचानक जाने कैसे दोनों गहरे पानी में डूबने लगे। इसके बाद घाट पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। दो युवकों को डूबता देख लोग शोर मचाने लगे, हालांकि, किसी ने भी गंगा की तेज धारा में उतरने की हिम्मत नहीं जुटाई।
वीडियो देखकर महिला सिपाही की करेंगे तारीफ
इसी बीच वहां पर तैनात महिला सिपाही तारा कुमारी ने 'आव देखा न ताव' सीधे गंगा नदी में छलांग लगा दी। यहां तक कि उन्होंने एक पल के लिए भी अपनी जान की परवाह नहीं की और पानी में छलांग लगाकर दोनों युवकों को ढूंढ़ने लगीं। इस दौरान उनके पास न तो सेफ्टी जैकेट था और न ही पास में कोई रस्सी थी। उन्हें अपनी जिंदगी का कोई डर नहीं था, बस उनके अंदर दोनों युवकों को बचाने का जज्बा था। वीडियो में आप देख पाएंगे कि महिला सिपाही काफी देर तक दोनों युवकों को नदी में खोजती रहीं। हालांकि, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों युवकों का कुछ पता नहीं चल सका। देखें वीडियो-
जब काफी देर तक महिला सिपाही को दोनों का कोई सुराग नहीं लगा तो वह भी थक-हारकर वापस लौट आईं। इसके बाद स्थानीय पुलिस, गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम ने दोनों युवकों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। भले ही महिला सिपाही तारा दोनों युवकों का कोई पता नहीं लगा पाईं, लेकिन उनकी साहस और इंसानियत इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। महिला सिपाही तारा ने अपने साहसिक कदम से सबका दिल जीत लिया। इसके बाद तारा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। अब लोग उनकी बहादुरी को खूब सलाम कर रहे हैं। वायरल हो रहा यह वीडियो @Nalanda_index नाम के एक्स अकाउंट से शेयर किया गया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
