देश

'धार्मिक आस्था राजनीति से ऊपर', करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने की पंजाब CM भगवंत मान ने की मांग

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने की मांग की है और इसे लगातार खुला रखने के साथ-साथ सिख संगत को गुरुद्वारा दरबार साहिब में नतमस्तक होने के लिए निर्बाध सुविधा देने की अपील की।

Image

करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने की पंजाब CM भगवंत मान की मांग

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्र सरकार से श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को फिर से खोलने और इसे लगातार खुला रखने के साथ-साथ सिख संगत को गुरुद्वारा दरबार साहिब में नतमस्तक होने के लिए निर्बाध सुविधा देने की जोरदार अपील की। इस बात पर जोर देते हुए कि धार्मिक भावनाओं के मामले राजनीति से ऊपर रखे जाने चाहिए, उन्होंने कहा कि संगत की आध्यात्मिक इच्छाओं का सम्मान किया जाना चाहिए और धार्मिक भावना कभी भी संकीर्ण राजनीति का शिकार नहीं होनी चाहिए। पंजाब विधान सभा ने भी कॉरिडोर दोबारा खोलने के लिए केंद्र सरकार से अपील की ताकि संगत बिना किसी रुकावट के दर्शन कर सके।

सदन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि धार्मिक भावना के मामले संकीर्ण राजनीतिक विचारों का शिकार नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा, 'लोगों की आध्यात्मिक इच्छाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। जहां धार्मिक भावना की बात आती है तो संकीर्ण राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। श्री करतारपुर साहिब लांघा दोबारा खोला जाना चाहिए ताकि संगत अपनी आध्यात्मिक इच्छाओं को बिना किसी रुकावट के पूरा कर सके।'

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस द्वारा पेश किया गया प्रस्ताव पारित किया

श्री गुरु नानक देव जी के सरबत दे भले' (सबका भला) के संदेश को ध्यान में रखते हुए पंजाब विधान सभा ने शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस द्वारा पेश किया गया प्रस्ताव पारित किया। इस प्रस्ताव में श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को फिर से खोलने और इसे लगातार खुला रखने संबंधी केंद्र सरकार से अपील की गई। प्रस्ताव में ज़ोर दिया गया है कि यह कॉरिडोर केवल भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक मार्ग नहीं है, बल्कि लाखों सिख संगतों के लिए धार्मिक स्वतंत्रता और मानवीय साझेदारी से जुड़ा हुआ मामला है।

इस प्रस्ताव में मांग की गई है कि केंद्र सरकार कॉरिडोर को फिर से खोलने और चालू रखने के लिए तुरंत कदम उठाए, तीर्थ यात्रा की प्रक्रियाओं को सरल बनाए और पाकिस्तान सरकार से बातचीत करे ताकि संगत की पाकिस्तान के करतारपुर स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब तक सुरक्षित, सुचारू और निर्बाध पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

'...ताकि अधिक से अधिक संगत इस पवित्र स्थान के दर्शन कर सके'

उन्होंने कहा कि कॉरिडोर के माध्यम से आने-जाने संबंधी पाबंदियां और रुकावटें दुनिया भर में बसे सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं और गुरु नानक नाम लेवा संगत को दर्शनों से वंचित करती हैं। प्रस्ताव में केंद्र सरकार से संगत, विशेषकर बुजुर्गों के लिए प्रक्रियाओं को और सरल बनाने की अपील की गई है ताकि अधिक से अधिक संगत इस पवित्र स्थान के दर्शन कर सके। इस दौरान कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने कहा, 'श्री करतारपुर साहिब 'किरत करो, नाम जपो ते वंड छको' के सिद्धांतों का मूल है। यह कॉरिडोर केवल एक रास्ता नहीं, बल्कि एक ऐसा पुल है, जो सिख संगत को उस धरती से फिर जोड़ता है, जहां हमारे गुरु साहिब ने चरण पाए थे।'

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article