शहर

दिल्ली में छठ पर 16 नवंबर को सार्वजनिक छुट्टी, इस बार बनेंगे 1,400 से ज्यादा घाट, 10 प्वाइंट में जानिए क्या होंगे खास इंतजाम

छठ को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों पर सभी जरूरी बुनियादी तैयारियां 6 नवंबर तक पूरी कर ली जाएं, ताकि पूजा से पहले व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा सके। अधिकारियों को केवल रिपोर्ट पर निर्भर रहने के बजाय मौके पर जाकर घाटों का निरीक्षण करने और कमियों को तुरंत दूर करने को कहा गया है।

Image

छठ पूजा की तैयारियों को लेकर CM रेखा गुप्ता ने की समीक्षा बैठक

दिल्ली में छठ पूजा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और साफ-सफाई में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस साल दिल्ली में पिछले साल के मुकाबले अधिक छठ घाट तैयार किए जाएंगे। वहीं, छठ पूजा के बाद सुबह के अर्घ्य को ध्यान में रखते हुए 16 नवंबर, सोमवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्देश दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों पर सभी जरूरी बुनियादी तैयारियां 6 नवंबर तक पूरी कर ली जाएं, ताकि पूजा से पहले व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा सके। अधिकारियों को केवल रिपोर्ट पर निर्भर रहने के बजाय मौके पर जाकर घाटों का निरीक्षण करने और कमियों को तुरंत दूर करने को कहा गया है।

छठ पूजा की तैयारियों से जुड़ी 10 बड़ी बातें

    1,400 से ज्यादा छठ घाट: इस साल दिल्ली में 1,400 से अधिक छठ घाट तैयार किए जाने की योजना है। पिछले साल 1,326 घाट बनाए गए थे।

  • 16 नवंबर को सार्वजनिक छुट्टी: मुख्यमंत्री ने छठ के सुबह के अर्घ्य के बाद श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सोमवार, 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्देश दिया।
  • 6 नवंबर तक पूरी होंगी तैयारियां: घाटों पर बुनियादी सुविधाएं समय से तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद पानी भरने, टेंट लगाने और अंतिम सफाई जैसे काम पूरे किए जाएंगे।
  • महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और शौचालय: घाटों पर महिलाओं के लिए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम और शौचालय उपलब्ध कराने को कहा गया है।
  • बड़े घाटों पर CCTV और फायर टेंडर: प्रमुख और भीड़भाड़ वाले घाटों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। बड़े घाटों के पास दमकल की गाड़ियां तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं।
  • ठंड से बचाव के लिए टेंट: नवंबर में ठंड की संभावना को देखते हुए बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर जरूरत के मुताबिक ढके हुए टेंट लगाए जाएंगे। पूजा स्थल और मंच के पीछे भी टेंट की व्यवस्था होगी।
  • घाटों के रास्तों पर विशेष ध्यान: सड़कों के गड्ढे भरने, मलबा हटाने और धूल से बचाव के लिए पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए हैं। घाटों तक जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की जाएगी।
  • चौबीसों घंटे सफाई: शाम के अर्घ्य, रात में पूजा के बाद और सुबह उषा अर्घ्य के तुरंत बाद सफाई कराने को कहा गया है। कूड़ा जमा होने से रोकने के लिए बड़े डस्टबिन और अतिरिक्त सफाईकर्मी तैनात रहेंगे।
  • ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन: दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन मिलकर पार्किंग, ट्रैफिक डायवर्जन, सड़क बंद होने की सूचना और आपातकालीन व्यवस्था पहले से तय करेंगे।
  • मॉडल घाटों पर स्वागत द्वार और LED स्क्रीन: प्रमुख घाटों पर स्वागत द्वार लगाए जाएंगे। बड़े मॉडल घाटों पर LED स्क्रीन के जरिए छठ पूजा से जुड़ी सामग्री और दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दिखाई जाएगी।
  • 13 से 16 नवंबर तक चलेगी छठ पूजा

    अधिकारियों के मुताबिक, इस साल छठ पूजा का आयोजन 13 नवंबर से 16 नवंबर तक होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा पर्व है। ऐसे में व्रतियों और उनके परिवारों को पूजा के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।

    मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और घाटों पर व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें। ठंड को देखते हुए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त टेंट लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

    रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भीड़ संभालने की तैयारी

    छठ के दौरान बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए रेल मंत्रालय के साथ समन्वय करने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बस से यात्रा करने वाले लोगों की सुविधा पर भी बराबर ध्यान देने के निर्देश दिए। ISBT पर जरूरी सूचनाएं, बैनर और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर सिविल डिफेंस कर्मियों की तैनाती भी की जा सकती है।

    विदेशी राजनयिकों को भी दिया जाएगा न्योता

    इस साल छठ पूजा के आयोजन में विदेशी राजदूतों और उच्चायुक्तों को भी आमंत्रित करने की योजना है। इसके लिए भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के साथ समन्वय कर उपयुक्त स्थान तय करने के निर्देश दिए गए हैं। सूर घाट या किसी अन्य उपयुक्त घाट पर कार्यक्रम आयोजित करने की संभावना भी देखी जाएगी।

    बैठक में कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि, विधायक अभय वर्मा, चंदन कुमार चौधरी और संदीप सहरावत सहित राजस्व विभाग, दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, दिल्ली जल बोर्ड, नगर निगम, NDMC, PWD, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दमकल सेवा के अधिकारी मौजूद रहे।

    Shiv Shukla
    शिव शुक्लाauthor

    शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

    और पढ़ें
    End of Article