Amazon Parcel Snake Video: बेंगलुरु में एक परिवार ने हाल ही में दावा किया है कि, ई-कॉमर्स कंपनी अमेज़न के एक पार्सल में उनको जिंदा सांप मिला। हालांकि जहरीला सांप पैकेजिंग टेप से चिपका हुआ था जिससे उनको कोई नुकसान नहीं हुआ। टाइम्स नाउ से बात करते हुए ग्राहक ने बताया कि, 'हमने 2 दिन पहले ऑनलाइन डिलीवरी सर्विस से एक Xbox कंट्रोलर ऑर्डर किया था और पैकेज में एक जीवित सांप मिला। डिलीवरी पार्टनर ने पैकेज को सीधे हमें सौंप दिया। हम सरजापुर रोड पर रहते हैं और हमने पूरी घटना को कैमरे में कैद कर लिया है, साथ ही हमारे पास इसके प्रत्यक्षदर्शी भी हैं।' दावा है कि पार्सल में मिला सांप नाजा नाजा प्रजाति का कोबरा है जो कि, कर्नाटक का एक अत्यधिक जहरीला सांप है।
कैमरे पर इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी होने के बावजूद कंपनी के कस्टमर सपोर्ट ने ग्राहक को डिलीवरी के बाद दो घंटे से ज़्यादा समय तक इंतजार करने पर मजबूर कर दिया। यही वजह है कि, ग्राहक को इस स्थिति का सामना अकेले ही करना पड़ा। बताया गया है कि, ये जहरीला सांप पार्सल से चिपका हुआ था इसलिए घर या अपार्टमेंट में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। महिला ने हमें बताया कि, 'हमें पूरा पैसा वापस मिल गया, लेकिन हमें यहां एक बेहद जहरीले सांप के साथ अपनी जान जोखिम में डालने के लिए क्या मिलेगा? यह स्पष्ट रूप से एक सुरक्षा उल्लंघन है जो पूरी तरह से कंपनी की लापरवाही और उनके खराब परिवहन/गोदाम स्वच्छता और पर्यवेक्षण के कारण हुआ है। सुरक्षा में इतनी गंभीर चूक के लिए कौन जवाबदेह है?'
महिला ने ग्राहक उपभोक्ता न्यायालय में या अन्य उचित माध्यमों से शिकायत दर्ज करने के बारे में सलाह मांगी। उन्होंने कहा कि, 'हम वकील नहीं हैं और हमें कोई कानूनी अनुभव नहीं है। हमें आपकी सलाह चाहिए कि उपभोक्ता न्यायालय में या किसी अन्य उचित माध्यम से शिकायत दर्ज करने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।' बता दें कि, महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और बेंगलुरु में रहती हैं। उन्होंने कहा कि, 'हमारा दृढ़ विश्वास है कि हमें मुआवज़ा मिलना चाहिए।' उन्होंने शुरुआत में LegalAdviceIndia से सलाह मांगी थी, जहां कई लोगों ने अपनी स्थिति को और अधिक व्यापक रूप से शेयर करने का सुझाव दिया था।
