Cosmic Head Masaage Viral Video: भारत के लगभग हर शहर में आपको कोई न कोई विदेशी यूट्यूबर या व्लॉग बनाने वाला जरूर दिखता होगा। खासकर जब बात देश की राजधानी दिल्ली की हो तो यहां भी विदेशी पर्यटकों की काफी भीड़ रहती है। हाल ही में एक अमेरिकी यूट्यूबर मैक्स मैकफर्लिन अपनी भारत यात्रा के दौरान दिल्ली पहुंचे। नेहरू प्लेस में उन्होंने सिर और कंधे की मालिश कराई जिसके बाद उनको काफी आराम मिला। उन्होंने मालिश की तारीफ करते हुए कहा कि, इस मसाज के दौरान उनको लग रहा था कि वे अंतरिक्ष में चले गए हैं। दरअसल, वह नाई के कौशल से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने एलन मस्क से नाई को काम पर रखने का आग्रह किया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
यूट्यूबर ने मुहम्मद वारिस से सिर और कंधे की मसाज कराते हुए पूरा वीडियो शूट किया और इसे अपलोड किया। कैप्शन में उन्होंने लिखा कि, 'कॉस्मिक इंडियन हेड मसाज मुझे सितारों के दर्शन कराता है।' वीडियो में मैकफर्लिन मालिश का इंतजार करते हुए कहते हैं कि, 'मैंने इस आदमी को देखा वह कड़ी मेहनत कर रहा है और वह इसे अच्छा बना रहा है। मैं इस आदमी से सिर की मालिश करवाने के लिए उत्साहित हूं। यह एक अच्छी मालिश होगी।' कुछ ही देर में नाई तेल से यूट्यूबर के सिर की मालिश करता है। इसके बाद मैकफर्लिन मसाज का आनंद लेते हुए कहते हैं कि, 'एलन मस्क को इस आदमी को काम पर रखने की जरूरत है क्योंकि मैं अभी अंतरिक्ष में गया हूं।'
अपने देश अमेरिका का उड़ाया मजाक
यूट्यूबर मैक्स मैकफर्लिन ने मसाज के दौरान अपने ही देश अमेरिका को लेकर मजेदार बात भी बताई। उन्होंने मजाक में कहा कि, 'मुझे पता है अमेरिका में इस आदमी (नाई) पर तीन मामलों में आरोप लगाए जाएंगे; उसने बस मेरे बाल खींचे और मुझे बुरी तरह पीटा।' इसके बाद ही मैकफर्लिन के तेल से सने बालों को कंघी से सेट किया और लास्ट में नाई से पेमेंट के बारे में पूछा। इस पर नाई ने कहा कि, 'जो मर्जी दे दो।' तभी यूट्यूबर वहां बैठे दूसरे लोगों से पूछता है, 'कितने रुपये दे दूं 200 रुपये ?' एक व्यक्ति इशारों से कहता है हां, तो मैकफर्लिन उसे पैसे दे देते हैं। इस वीडियो को अब तक ढेर सारे लाइक्स और कमेंट्स मिले हैं। कई लोगों ने वीडियो पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।
वीडियो पर यूजर्स ने किए कमेंट
वीडियो देखने के बाद कई यूजर्स ने इस पर प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा कि, 'मुहम्मद उस अनुभव के लिए पैसे के हकदार थे। वह एक विशेषज्ञ थे।' दूसरे यूजर ने कहा कि, 'निश्चित रूप से एक COSMIC मालिश; मालिश के दौरान, आप तारे देख सकते हैं, आकाशगंगाओं को महसूस कर सकते हैं और ब्लैक होल में डूब सकते हैं।' तीसरे ने लिखा कि, 'क्या यह केवल मुझे ही पसंद है, या किसी और को भी मुहम्मद का पूरे मसाज के दौरान मुस्कुराने का तरीका पसंद आया है।' वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि, 'वाह, भारत में सड़क पर मालिश का वह अनुभव बिल्कुल अविश्वसनीय लग रहा था! जिस तरह से उन्होंने इसका वर्णन किया, आप व्यावहारिक रूप से स्क्रीन के माध्यम से आराम महसूस कर सकते हैं।'
