शहर

मिर्जापुर में हाईकोर्ट जज के पैतृक घर में चोरी, 10 कमरों और 6 अलमारियों के ताले टूटे, पुलिस महकमे में हड़कंप

मिर्जापुर में प्रयागराज हाईकोर्ट के जज जय कृष्ण उपाध्याय के पैतृक आवास में चोरी हुई। चोरों ने 10 कमरों और छह अलमारियों के ताले तोड़ दिए। चोरी का खुलासा करने के लिए तीन टीमें गठित की गईं।

Image

मिर्जापुर में हाईकोर्ट जज के पैतृक घर में चोरी

Photo : Times Now Digital

Mirzapur Theft Case: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां चोरों ने प्रयागराज हाई कोर्ट के जज जय कृष्ण उपाध्याय के पैतृक आवास पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर के 10 कमरों और छह अलमारियों के ताले तोड़कर सामान ले गए। इस बड़ी वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और आनन-फानन में आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि, चोरी किए गए सामान और कुल संपत्ति का आकलन अभी नहीं हो सका है, जिसके लिए जांच की जा रही है।

घटना के वक्त बंद पड़ा था घर

जानकारी के मुताबिक, न्यायमूर्ति के बड़े भाई मातांबर उपाध्याय इस पैतृक घर में रहते हैं। तबीयत खराब होने के चलते वह इलाज के लिए कुछ दिन पहले गाजियाबाद अपने बेटे के पास गए थे। शनिवार शाम को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजों समेत भीतर के 10 कमरों और 6 अलमारियों के ताले टूटे हुए हैं। इसके बाद चोरी की सूचना पुलिस को दी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर, जिगना थाना प्रभारी संजय सिंह, एसओजी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। न्यायमूर्ति जय कृष्ण उपाध्याय और उनके भाई श्रीकृष्ण उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे। श्रीकृष्ण उपाध्याय सहायक विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

फोरेंसिक टीम ने घर से जुटाए साक्ष्य

पुलिस अधिकारियों ने घर का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य सबूत जुटाए। पुलिस अधीक्षक ने चोरी का खुलासा करने के लिए तीन टीमें गठित की हैं। एसओजी और सर्विलांस टीम को भी कार्रवाई में लगाया गया है। थाना प्रभारी संजय सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article