वायरल न्यूज़

कूटनीति छोड़ गांव की जिंदगी में रम गए जर्मन डिप्लोमैट, सादगी का VIDEO हुआ वायरल

जर्मन राजनयिक मारियस ओसवाल्ड ने भारतीय गांव में गमछा पहनकर चारा काटा, गायों को भूसा खिलाया और गोबर उठाने में मदद की। उनका देसी अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Image

जर्मन डिप्लोमैट मारियस ओसवाल्ड का वीडियो हुआ वायरल (Instagram/@germanyinindia)

सोशल मीडिया (Social Media) पर अक्सर ऐसे वीडियो देखने को मिलते हैं, जो लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला देते हैं। इन दिनों एक जर्मन डिप्लोमैट का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विदेशी अफसर किसी बड़े दफ्तर या शानदार कार्यक्रम में नहीं, बल्कि भारतीय गांव में देसी अंदाज में काम करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपना ब्लेजर उतारा, गले में गमछा लपेटा और फिर चारा काटने से लेकर गोबर उठाने तक के काम किए। उनका यह अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है।

किसान ने दी गांव की जिंदगी जीने की चुनौती

दरअसल, जर्मन दूतावास में मंत्री काउंसलर और राजनीतिक मामलों के प्रमुख मारियस ओसवाल्ड (Marius Osswald) भारतीय गांव की जिंदगी को करीब से समझने पहुंचे थे। यहां उनकी मुलाकात किसान प्रमोद शर्मा से हुई। गांव में बातचीत के दौरान गर्मी और मौसम का जिक्र हुआ। इसी बीच किसान प्रमोद ने उनसे पूछा कि क्या वह गांव की असली जिंदगी को करीब से जी सकते हैं? फिर क्या था! मारियस ओसवाल्ड ने अपनी औपचारिक पोशाक उतारी और गले में गमछा डाल लिया। इसके बाद वह किसान के साथ गोशाला की ओर चल पड़े। उनका यह देसी अंदाज वीडियो में लोगों का ध्यान खींच रहा है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

मशीन से काटा चारा, गायों को खिलाया भूसा

वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि जर्मन राजनयिक गांव के कामों में हाथ बंटाते नजर आते हैं। उन्होंने चारा काटने वाली मशीन चलाई और अपने हाथों से गायों को भूसा खिलाया। आमतौर पर ऐसे अफसरों को औपचारिक बैठकों और दफ्तरों में देखा जाता है, लेकिन यहां उनका अंदाज बिल्कुल अलग था। वीडियो का सबसे दिलचस्प पल तब आया, जब उन्हें गाय का गोबर उठाकर सफाई करने के लिए कहा गया। शुरुआत में वह थोड़ा हिचकिचाते नजर आए। इस पर किसान प्रमोद शर्मा ने समझाया कि गायें उनके परिवार का हिस्सा हैं और उनकी देखभाल करना गांव की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। किसान की बात सुनने के बाद ओसवाल्ड ने भी गोबर उठाने में मदद की।

जर्मन दूतावास ने शेयर किया वीडियो

इस पूरे वाकये का वीडियो नई दिल्ली स्थित जर्मन दूतावास ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। दूतावास ने अपने संदेश में कहा कि शायद ही किसी राजनयिक ने काम के दौरान अपने हाथ इतने गंदे किए हों। साथ ही यह बात भी कही कि अगर भारतीयों को जर्मनी में सफल होना है, तो जर्मनी के लोगों को भी भारत में कामयाब होने की कोशिश करनी चाहिए।

Social Media पर लोग कर रहे तारीफ

वीडियो सामने आते ही लोग जर्मन राजनयिक की सादगी और भारतीय गांव की जिंदगी को करीब से समझने के उनके प्रयास की तारीफ करने लगे। कई लोगों ने इसे संस्कृतियों को करीब लाने वाला अनुभव बताया। यह वीडियो दिखाता है कि दूसरे देश की संस्कृति को समझने के लिए सिर्फ बातचीत या बैठकों की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी लोगों के बीच जाकर उनके रोजमर्रा के कामों को समझना भी काफी होता है। गमछा पहनकर गांव के कामों में हाथ बंटाते जर्मन अफसर का यह अंदाज इसी वजह से लोगों का दिल जीत रहा है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article