Mohan Bhagwat News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत नहीं चाहती कि भारत प्रगति करे, क्योंकि वैश्विक शक्तियां अपना वर्चस्व कायम करना और दूसरों को दबाव में रखना चाहती हैं तथा वे 'सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट’ के सिद्धांत में विश्वास करती हैं। वह महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
'सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट के सिद्धांत में विश्वास करती हैं'
स्थानीय संस्था ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन ने तीन दिवसीय पद्मा महोत्सव का आयोजन किया है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के पद्म पुरस्कार विजेता एक मंच पर जुटते हैं और लोगों से संवाद करते हैं। भागवत ने कहा कि भारत सभी की मदद करना चाहता है और उन देशों को भी सहायता देता है, जो उससे नफरत करते हैं। उन्होंने कहा, 'दुनिया की कोई भी ताकत नहीं चाहती कि भारत आगे बढ़े, क्योंकि वे केवल अपना वर्चस्व कायम करना चाहती हैं और 'सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट’के सिद्धांत में विश्वास करती हैं। वे सभी को दबाव में रखना चाहती हैं। अगर भारत तरक्की करता है, तो उनकी दुकानें बंद हो जाएंगी, क्योंकि भारत सभी की मदद करना चाहता है। भारत अपने उन पड़ोसी देशों की भी मदद करता है, जो उससे नफरत करते हैं।’
पूर्व सीडीएस ने भी रखी बात
आरएसएस प्रमुख ने कहा कि युवा पीढ़ी गुलामी की मानसिकता से मुक्त है। उन्होंने कहा, 'अगर कोई सच्ची बात कहता है, तो युवा उसके साथ खड़े होने के लिए तैयार रहते हैं। वे झूठ से नफरत करते हैं और अपने देश को महान बनाना चाहते हैं।’कार्यक्रम में भागवत के साथ मंच साझा करने वाले पूर्व प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) ने कहा कि युवा 'विकसित भारत’ के निर्माण में सबसे बड़ा योगदान देंगे और इसके सबसे बड़े लाभार्थी भी होंगे।
महोत्सव का उद्घाटन समारोह शहर में बीड बाईपास रोड स्थित एमआईटी परिसर के मंथन हॉल में आयोजित किया गया। आयोजकों ने बताया कि बुधवार दोपहर से मंथन हॉल में पद्मश्री पुरस्कार विजेताओं के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे।
(एजेंसी इनपुट)
