Viral News: दक्षिण कोरिया में इन दिनों एक जिम की एडवायजरी ने बवाल मचा दिया है। इस जिम के परिसर में 'आंटियों (उम्रदराज महिलाओं)' के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिसके बाद एक विवाद खड़ा हो गया है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, इंचियोन शहर के जिम ने एक बोर्ड लगाया है जिस पर लिखा है, 'केवल सभ्य और सुंदर महिलाओं को ही प्रवेश की अनुमति है।' इस बोर्ड में लिखा है कि, 'अजुम्माओं के लिए प्रतिबंधित है।' बता दें कि, दक्षिण कोरिया में अजुम्मा शब्द का इस्तेमाल मध्यम आयु वर्ग या बड़ी उम्र की महिलाओं के लिए किया जाता है, जो आमतौर पर 30 के दशक के अंत या उससे ऊपर की होती हैं।
साउथ कोरिया में बवाल
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि, राजधानी सियोल के निकट इंचियोन स्थित जिम पर 7 जून को आपत्तिजनक बोर्ड लगाया गया था। जिसके बाद से जिम प्रबंधन को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, आलोचकों ने इसे दक्षिण कोरिया में वृद्ध महिलाओं के प्रति भेदभाव का एक और उदाहरण बताया है। हालांकि, जिम के मालिक ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि आंटियों ने जिम में व्यवधान डाला था।
उम्रदराज महिलाओं पर कई आरोप
स्थानीय रिपोर्टों में नाम न बताने की शर्त पर मालिक ने दावा किया कि इन महिलाओं की वजह से जिम को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। उन्होंने एक टीवी इंटरव्यू में ये भी बताया कि, 'वे (कुछ बुजुर्ग महिला कस्मटर्स) कपड़े धोने के लिए चेंजिंग रूम में एक या दो घंटे बिताती थीं, वे तौलिए, साबुन या हेयर ड्रायर जैसी चीजें भी चुरा लेती थीं। जिम मालिक ने बताया कि ये महिलाएं उनके दूसरे ग्राहकों को मौखिक रूप से परेशान करती थीं। वे महिलाएं युवतियों को कसरत करने के बजाय परिवार पर ध्यान देने का सुझाव भी देती थीं(। इतना ही नहीं वे महिलाएं युवतियों का मजाक उड़ाते हुए ये तक कह देती थीं कि, 'तुम्हे तो बच्चे पैदा करने में माहिर होना चाहिए।' जिम आने वाली उम्रदराज महिलाओं पर आरोप लगाते हुए जिम के मालिक ने कहा कि, 'वे एक पंक्ति में बैठती थीं और दूसरों के शरीर पर टिप्पणी करती थीं।' मालिक ने दावा किया कि उनके व्यवहार के कारण कई महिलाओं ने जिम छोड़ दिया। हालांकि, लोगों ने जिम मालिक की इस बात के लिए आलोचना की कि उसने बुरे व्यवहार को एक खास उम्र की महिलाओं के साथ जोड़ दिया।
