वायरल न्यूज़

पीठ खुजाने का बिजनेस, 1 घंटे का 3500 रुपए चार्ज, महीने की कमाई 14 लाख, धंधा ऐसा चला कि शख्स ने खोल ली एक और ब्रांच

एक शख्स ने खुजली करने की दुकान खोली, जहां 1 घंटे की सर्विस के लिए 3500 रुपये लगते हैं। शख्स का यह बिजनेस ऐसा चला कि अब दो दुकानों से हर महीने 14 लाख रुपये की कमाई हो रही है।

Image

शख्स ने खोली खुजली करने की दुकान (AI Generated Image)

Viral News: दुनिया में बिजनेस के लिए लोग तरह-तरह के आइडिया खोजते हैं। कोई खाना बेचता है तो कोई कपड़े या दूसरी चीजों का कारोबार करता है लेकिन चीन के एक शख्स ने ऐसा बिजनेस शुरू किया है, जिसके बारे में सुनकर शायद आपको पहली बार में यकीन ही न हो लेकिन यह सच है। शख्स का यह बिजनेस आइडिया इतना कमाल का निकला कि उसकी हर महीने लगभग 14 लाख रुपए की कमाई हो रही है और तरक्की की तो पूछो ही मत शख्स का यह बिजनेस आइडिया मार्केट में इस कदर धूम मचा रहा है कि अब उसने एक और ब्रांच भी खोल ली।

खुजली करने की खोली दुकान, हर महीने कमा रहा 14 लाख रुपये

दरअसल, शख्स ने पीठ खुजाने की दुकान खोली और उसकी दुकान खुलते ही मानो उसकी लॉटरी लग गई। लोग पैसे देकर यहां पर अपनी पीठ और शरीर पर खुजली करवाने पहुंच रहे हैं। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, यह अनोखा बिजनेस चीन के दक्षिणी हिस्से में रहने वाले 32 साल के झांग शियाओचियाओ ने शुरू किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने ऐसी दुकान खोली है जहां कर्मचारी ग्राहकों को खास तरीके से खुजली करने की सर्विस देते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

1 घंटे के लगते हैं 3500 रुपए

इस दुकान का माहौल कुछ-कुछ मसाज सेंटर जैसा है। ग्राहक बेड पर पेट के बल लेट जाते हैं और कर्मचारी खास डिजाइन के नेल्स पहनकर उनकी पीठ या शरीर के दूसरे हिस्सों पर धीरे-धीरे खुजली करते हैं। इस एक घंटे की सर्विस के लिए ग्राहक से करीब 300 युआन यानी लगभग 3,500 रुपये लिए जाते हैं। ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से शरीर के किसी खास हिस्से पर भी खुजली करवाने के लिए कह सकते हैं। झांग का कहना है कि इस सर्विस का मकसद सिर्फ खुजली मिटाना नहीं है। उनके मुताबिक, कुछ लोगों को इससे आराम महसूस होता है और तनाव कम करने में भी मदद मिल सकती है। कुछ ग्राहक तो इसे मसाज से भी ज्यादा सुकून देने वाला बताते हैं।

कैसे आया इतना अजीब आइडिया?

झांग पहले भी कई तरह के बिजनेस और नौकरियां आजमा चुके हैं लेकिन उन्हें इस अनोखे बिजनेस का आइडिया एक सोशल मीडिया वीडियो देखकर आया। वीडियो में एक महिला अपने पति की पीठ खुजा रही थी। इसके कमेंट्स में कई लोगों ने लिखा था कि अगर कोई उनके लिए ऐसा करे तो वे इसके पैसे देने के लिए तैयार हैं। बस, यहीं से झांग के दिमाग में बिजनेस का आइडिया आया। उन्हें अपने बचपन की एक याद भी आई। उनके पिता अक्सर उनकी पीठ खुजाया करते थे और इससे उन्हें काफी आराम मिलता था। झांग ने सोचा कि अगर लोगों को ऐसी सर्विस प्रोफेशनल तरीके से दी जाए तो शायद वे इसके लिए पैसे भी देंगे।

एक महीने बाद खोल दी दूसरी ब्रांच

झांग ने अपनी पहली दुकान शेनझेन के बाओआन जिले में मई की शुरुआत में खोली। इसके करीब एक महीने बाद उन्होंने फुतियान जिले में दूसरी ब्रांच भी शुरू कर दी। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों दुकानों से हर महीने करीब 1 लाख युआन यानी लगभग 14-15 लाख रुपये की ग्रॉस कमाई हो रही है। दोनों आउटलेट अब अपना खर्च निकालने के बाद मुनाफे की ओर बढ़ रहे हैं। अब झांग का सपना इस बिजनेस को और बड़ा करना है। वह चीन के अलग-अलग शहरों में करीब 100 दुकानें खोलना चाहते हैं। उनका मानना है कि जिस काम को लोग पहले अजीब समझते थे, वह भविष्य में एक बाकायदा प्रोफेशन बन सकता है। यानी, जिसे हम रोजमर्रा की एक छोटी सी जरूरत समझते हैं, झांग ने उसी को लाखों रुपये के बिजनेस आइडिया में बदल दिया।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article