वायरल न्यूज़

VIDEO: पुणे के ऑटो ड्राइवर ने 3 KM की सवारी को बना दिया खास, चॉकलेट से लेकर CCTV तक का रखा इंतजाम

पुणे के ऑटो ड्राइवर ने 3 KM की सवारी को खास बना दिया। ऑटो में CCTV, परफ्यूम, चॉकलेट, सैनिटाइजर और फीडबैक डायरी जैसी सुविधाएं देखकर यात्री खुश हो गया।

Image

पुणे का यह ऑटो रिक्शा है सबसे अलग और खास (Instagram/@teknas.reverse)

ऑटो में बैठते ही ज्यादातर लोग बस यही सोचते हैं कि जल्दी से अपनी मंजिल तक पहुंच जाएं लेकिन पुणे के एक ऑटो ड्राइवर ने छोटी सी सवारी को भी ऐसा अनुभव बना दिया कि यात्री उसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाए। महज 3 किलोमीटर की यात्रा के दौरान ड्राइवर की छोटी-छोटी कोशिशों ने एक परेशान यात्री के चेहरे पर मुस्कान ला दी। दरअसल, इस ऑटो ड्राइवर ने अपने रिक्शा को सिर्फ आने-जाने का साधन नहीं रहने दिया है। उसने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का खास ध्यान रखते हुए ऑटो में कई ऐसी चीजें रखी हैं, जो आमतौर पर किसी ऑटो में देखने को नहीं मिलतीं।

ऑटो में मिलती हैं इतनी सुविधाएं

इस खास ऑटो में CCTV कैमरा, परफ्यूम, चॉकलेट और सैनिटाइजर जैसी चीजें मौजूद हैं। इतना ही नहीं, ड्राइवर ने यात्रियों की राय जानने के लिए एक फीडबैक डायरी भी रखी है। यानी अगर किसी यात्री को सफर के दौरान कोई परेशानी हुई या कोई अच्छी बात लगी, तो वह अपनी बात डायरी में लिख सकता है। यह छोटी सी पहल बताती है कि ड्राइवर अपने यात्रियों की बात को कितनी गंभीरता से लेता है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

यात्री को मिली राहत

इस ऑटो में सफर करने वाले एक यात्री का अनुभव खास तौर पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। बताया गया कि यात्री पहले से तनाव में था, लेकिन ऑटो में मिलने वाले इस अलग तरह के माहौल ने उसका मूड बेहतर कर दिया। सफर भले ही सिर्फ कुछ किलोमीटर का था, लेकिन ड्राइवर के व्यवहार ने उसे यादगार बना दिया। चॉकलेट जैसी छोटी चीज भी उस समय चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए काफी साबित हुई। फिलहाल यात्री के इस अनुभव का वीडियो (Video) इंस्टाग्राम अकाउंट @teknas.reverse नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक करीब 45 लाख लोगों ने देखा और 2 लाख लोगों ने इसे लाइक किया है।

सिर्फ ऑटो नहीं, सोच भी खास

आज जब लोग रोजमर्रा की भागदौड़ में परेशान रहते हैं, ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति की छोटी सी अच्छी पहल भी बहुत मायने रखती है। इस ऑटो ड्राइवर ने शायद कोई बहुत बड़ा काम नहीं किया, लेकिन यात्रियों को आराम और सम्मान देने की उसकी कोशिश ने लोगों का दिल जीत लिया। उसका अंदाज यह भी दिखाता है कि ग्राहक सेवा के लिए हमेशा बड़ी कंपनी या महंगा ऑफिस जरूरी नहीं होता। एक ऑटो ड्राइवर भी अपने काम को अलग अंदाज में करके लोगों के सफर को बेहतर बना सकता है। यही वजह है कि पुणे के इस ऑटो ड्राइवर की कहानी सोशल मीडिया (Social Media) पर लोगों को खूब पसंद आ रही है। कई लोग उसके इस अंदाज की तारीफ कर रहे हैं और मान रहे हैं कि ऐसी छोटी-छोटी अच्छी पहलें ही शहर को थोड़ा और खूबसूरत बनाती हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article