आजकल सोशल मीडिया पर हर दिन कोई न कोई वीडियो वायरल (Viral Video) हो जाता है लेकिन इस बार जो वीडियो सामने आया है, उसने माता-पिता की जिम्मेदारियों पर सवाल खड़ा कर दिया है। मामला वियतनाम के एक भारतीय रेस्टोरेंट का है, जहां बच्चों के अभद्र व्यवहार को लेकर शुरू हुई छोटी-सी बात ने देखते ही देखते हंगामे का रूप ले लिया। पूरा घटनाक्रम रेस्टोरेंट के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
आखिर हुआ क्या था?
जानकारी के मुताबिक, वियतनाम में स्थित बॉम्बे बाइट्स (Bombay Bites) नाम के भारतीय रेस्टोरेंट में एक परिवार खाना खाने आया था। उनके बच्चे डाइनिंग एरिया में टिश्यू पेपर और दूसरी चीजें इधर-उधर फेंक रहे थे, जिससे वहां बैठे दूसरे ग्राहकों को भी परेशानी हो रही थी। रेस्टोरेट के स्टाफ ने जब इस बात को लेकर उन बच्चों को टोका तो उन बच्चों के माता-पिता उस स्टाफ पर भड़क गए। हांलाकि स्टाफ ने बहुत ही विनम्र तरीके से उन माता-पिता से कहा था कि वे अपने बच्चों को ऐसा करने से रोकें, ताकि सभी लोग आराम से खाना खा सकें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
बात समझाने पर बढ़ गया विवाद
रेस्टोरेंट के स्टाफ की इतनी सी बात पर उन बच्चों के माता-पिता नाराज हो गए और उन्होंने स्टाफ के साथ बहस शुरू कर दी। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी वीडियो में बच्चों और उनके माता-पिता को टिश्यू पेपर और रेस्टोरेंट की दूसरी चीजें फर्श पर फेंकते हुए देखा जा सकता है। रेस्टोरेंट का कहना है कि इस दौरान कर्मचारियों के साथ बदसलूकी भी की गई और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस वीडियो (Video) को सोशल साइट एक्स पर @MihirkJha नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई लोगों ने रेस्तरां के कर्मचारियों का समर्थन करते हुए कहा कि सार्वजनिक जगहों पर बच्चों का ध्यान रखना माता-पिता की जिम्मेदारी होती है। कुछ यूजर्स ने लिखा कि अगर किसी बच्चे से गलती हो जाए तो उसे प्यार से समझाना चाहिए, लेकिन स्टाफ के साथ बदसलूकी करना बिल्कुल गलत है। वहीं कुछ लोगों ने सलाह दी कि ऐसी स्थिति में रेस्तरां को तुरंत स्थानीय पुलिस की मदद लेनी चाहिए थी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
