माता-पिता का भरोसा किसी भी बच्चे के लिए सबसे बड़ी ताकत होता है। जब परिवार साथ खड़ा हो, तो मुश्किल से मुश्किल रास्ता भी आसान लगने लगता है। सोशल मीडिया (Social Media) पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने हजारों लोगों का दिल छू लिया है। इस वीडियो में एक बेटी अपने पिता को ऐसी खुशी देती है, जिसे देखकर हर कोई भावुक हो रहा है।
बेटी ने अपने पापा को गिफ्ट की करोड़ों की लग्जरी कार
यह वीडियो (Video) है दुबई में रहने वाली भारतीय इंटरप्रेन्योर मानसी पांचाल की। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनके पिता पहली बार उनकी नई Mercedes G-Wagon चलाते हुए नजर आते हैं लेकिन इस वीडियो की सबसे खास बात सिर्फ लग्जरी कार नहीं, बल्कि उसके पीछे का छिपा हुआ संघर्ष और पिता का भरोसा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
5 साल पहले दुबई जाते वक्त पापा ने दिए थे बस 1 लाख रुपए
मानसी ने बताया कि करीब पांच साल पहले जब वह अपने सपनों को पूरा करने के लिए दुबई जा रही थीं, तब उनके पिता ने उन्हें सिर्फ 1 लाख रुपए देकर कहा था कि अपने सपनों को पूरा करो। उस समय यह रकम केवल आर्थिक मदद नहीं थी, बल्कि एक पिता का अपनी बेटी पर अटूट विश्वास था। दुबई पहुंचने के बाद मानसी के लिए सब कुछ आसान नहीं था। नए देश में खुद को जमाना, काम शुरू करना और अपनी पहचान बनाना बड़ी चुनौती थी लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। लगातार मेहनत, धैर्य और परिवार के भरोसे के दम पर उन्होंने अपना बिजनेस खड़ा किया और सफलता हासिल की।
G-Wagon की चाबी मिलते ही खुशी के आंसू रोक नहीं पाए पिता
आज वही बेटी अपने पिता को उनकी मेहनत और विश्वास का सबसे खूबसूरत तोहफा देती नजर आती है। वीडियो में पिता जब पहली बार G-Wagon की ड्राइव करते हैं, तो उनके चेहरे की खुशी और गर्व साफ दिखाई देता है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हजारों लोग इसे मोटिवेशनल वीडियो बता रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि माता-पिता का थोड़ा-सा भरोसा भी बच्चों की जिंदगी बदल सकता है। वहीं कई लोगों ने इसे बेटियों की सफलता और परिवार के मजबूत रिश्ते की खूबसूरत मिसाल बताया। जबकि अन्य लोगों ने मानसी और उनके पिता की खूब तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, "हर बेटी को अपने सपनों को पूरा करने का मौका मिलना चाहिए।" वहीं दूसरे ने लिखा, "इस वीडियो ने साबित कर दिया कि विश्वास और मेहनत मिल जाए तो कोई भी सपना सच हो सकता है।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
