UP Election 2027: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में एबीपी न्यूज के एक कार्यक्रम में इस मुद्दे पर ऐसा बयान दिया, जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी। उन्होंने कहा कि पार्टी में कौन मुख्यमंत्री पद का चेहरा है और कौन नहीं, यह सभी जानते हैं। दरअसल, यह पूरा विवाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक बयान के बाद शुरू हुआ। मौर्य ने कहा था कि अगले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य का मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक करेंगे। उनके इस बयान को योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को लेकर सवाल उठाने के तौर पर देखा जा रहा था।
सीएम योगी का बयान आया सामने
लखनऊ में कार्यक्रम के दौरान जब आदित्यनाथ से मौर्य के बयान और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने सीधा जवाब देने के बजाय पार्टी के चुनाव चिह्न को आगे कर दिया। उन्होंने कहा, "चुनाव तो सभी को कमल के निशान पर ही लड़ना है। मैं भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ूंगा।" जब उनसे पूछा गया कि क्या वह भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा हैं, तो आदित्यनाथ ने कहा, "हमारे लिए कमल ही सब कुछ है। कौन है और कौन नहीं, यह सभी जानते हैं। हर व्यक्ति जानता है।" उनके इस बयान को राजनीतिक जानकार कई मायनों में देख रहे हैं। एक तरफ उन्होंने खुद को चेहरा बताने से परहेज किया, वहीं दूसरी तरफ यह भी जता दिया कि इस बारे में किसी को कोई भ्रम नहीं होना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- 'इंडिया गठबंधन नहीं... मुस्लिम वोटों को लूटने वाला गिरोह'
केशव मौर्य के बयान से गरमाई यूपी की सियासत
इससे पहले बुधवार को जौनपुर में पत्रकारों से बातचीत में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि भाजपा का चुनावी चेहरा कमल का फूल है और पार्टी इसी चुनाव चिह्न पर विधानसभा चुनाव लड़ती है। उन्होंने कहा, "मैं पहले ही स्पष्ट कर चुका हूं कि चुनाव में भाजपा का चेहरा कमल है। चुनाव कमल के निशान पर लड़ा जाता है। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होती है।" मौर्य ने कहा कि इस बैठक में विधायक सर्वसम्मति से जो निर्णय लेते हैं, उसी से तय होता है कि सरकार का नेतृत्व कौन करेगा। उन्होंने कहा, "फिलहाल योगी जी हमारे मुख्यमंत्री हैं। चुनाव के बाद योगी जी ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे या कोई और इस पद की जिम्मेदारी संभालेगा, इसका फैसला उस समय निर्वाचित होने वाले विधायक करेंगे।"
मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चल रही चर्चा
मौर्य के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके बयान में जहां चुनाव के बाद विधायक दल की बैठक के जरिए मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया पर जोर दिया गया, वहीं आदित्यनाथ ने अपनी टिप्पणी में इस सवाल का सीधा जवाब देने के बजाय पार्टी के चुनाव चिह्न कमल को प्रमुखता दी। भाजपा में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर दोनों नेताओं के बयानों ने यूपी की आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच इस मुद्दे को फिर से चर्चा में ला दिया है।
इनपुट- भाषा
